छत्तीसगढ़ की कला का राष्ट्रीय स्तर पर डंका, चार दिग्गज होंगे सम्मानित

 Chhattisgarh's art makes waves at the national level; four stalwarts to be honoured. raipur chhattisgarh news khabargali

रायपुर(खबरगली)  देश की सर्वोच्च सांस्कृतिक संस्था ‘संगीत नाटक अकादमी’ द्वारा वर्ष 2024 और 2025 के लिए घोषित फेलोशिप और पुरस्कारों में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर अपनी कलात्मक धाक जमाई है। प्रदेश के चार वरिष्ठ और युवा कलाकारों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन यह सिद्ध करता है कि प्रदेश की माटी देश की सांस्कृतिक चेतना को दिशा देने वाली एक उर्वर और सृजनशील भूमि है।

पंडित रामलाल बरेठ को फेलोशिप 

सबसे प्रतिष्ठित ‘संगीत नाटक अकादमी फेलोशिप’ (अकादमी रत्न) के लिए कथक के पुरोधा पंडित रामलाल बरेठ (90 वर्ष) का चयन किया गया है। रायगढ़ घराने की कथक शैली को वैश्विक पटल पर स्थापित करने में उनका योगदान अद्वितीय है। रायगढ़ दरबार की गौरवशाली परंपरा के संवाहक रहे पंडित बरेठ न केवल कथक के सिद्धहस्त कलाकार हैं, बल्कि तबला वादन और शास्त्रीय गायन में भी उनकी गहरी पैठ है।

लोकनृत्य श्रेणी में पद्मश्री पांडे का चयन

लोकनृत्य श्रेणी में पद्मश्री अनूप रंजन पांडे का चयन किया गया है। रंगमंच और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए समर्पित पांडे ने हबीब तनवीर के ‘नया थिएटर’ के माध्यम से छत्तीसगढ़ी लोक रंगमंच को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। विशेष रूप से उनके द्वारा स्थापित ‘बस्तर बैंड’ ने बस्तर की आदिवासी कला और दुर्लभ पारंपरिक वाद्ययंत्रों को मुख्यधारा में नया अध्याय लिखा है।

युवा पुरस्कार: अभिनय में डॉ.आनंद हाेंगे सम्मानित

युवा कलाकारों के लिए स्थापित प्रतिष्ठित ‘उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार’ के लिए प्रदेश के रंगकर्मी को चुना गया है। अभिनय के क्षेत्र में डॉ. आनंद कुमार पांडे को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जशपुर में रंगमंच को जीवंत करने और युवा प्रतिभाओं को मंच देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

नाटक लेखन में घनश्याम ने मारी बाजी

वहीं, नाटक लेखन (प्ले-राइटिंग) श्रेणी में युवा नाटककार और निर्देशक घनश्याम साहू को यह सम्मान मिलेगा। रायगढ़ के सारंगढ़ अंचल से ताल्लुक रखने वाले घनश्याम साहू ने अपने लेखन के माध्यम से लोकजीवन और समकालीन सामाजिक सरोकारों को मंच पर सशक्त ढंग से प्रस्तुत किया है। उनके नाटकों की धमक देश के विभिन्न प्रमुख नाट्य समारोहों में सुनाई दी है।

Category