छत्तीसगढ़ में पहली बार होगी हॉकी लीग का आयोजन, IPL की तर्ज पर 6 टीमें लेंगी हिस्सा

A hockey league will be organized in Chhattisgarh for the first time; six teams will participate, modeled after the IPL. Latest news hindi news khabargali


रायपुर (खबरगली)  छत्तीसगढ़ में हॉकी को नई पहचान और प्रदेश की प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से पहली बार छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन किया जाएगा। रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव और खेल संचालक ने लीग का शुभारंभ किया। लीग को IPL की तर्ज पर तैयार किया गया है। 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ इन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराने की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय की तैयारी के बाद छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को डिजाइन किया गया है। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं और हॉकी खिलाड़ियों को ऐसा मंच देना है, जहां से वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें। 

छह टीमें मैदान में उतरेंगी

राजधानी रॉयल्स
चित्रकूट चैलेंजर्स
संस्कारधानी स्ट्राइकर
चक्रधर चैंपियंस
न्यायधानी नाइट्स
मैनपाट टाइटंस

हर टीम में 22 खिलाड़ी होंगे। टीमों में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ राज्य और जूनियर स्तर के खिलाड़ियों को भी शामिल किया जाएगा। इससे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं को भी सीखने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

नॉकआउट फॉर्मेट में होंगे मुकाबले

लीग के मुकाबले नॉकआउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के दौरान चार टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद विजेता टीमें फाइनल में पहुंचेंगी, जहां लीग के चैंपियन का फैसला होगा।  लीग के लोगो और रंगों को लेकर भी खास संदेश दिया गया है। भगवा रंग को साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक बताया गया है। आयोजन का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के हॉकी खिलाड़ियों को एक ऐसा मंच देना है, जिससे प्रदेश की खेल प्रतिभाएं देश और दुनिया में अपनी पहचान बना सकें।


 

Category

Other News