
12 जिलों के एसपी बदले, 15 आईपीएस अफसरों की नई पदस्थापना के आदेश जारी
रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा के 15 अधिकारियों के प्रभार बदल दिए हैं। इस फेरबदल में 12 जिलों के पुलिस अधीक्षक प्रभावित हुए हैं। पुलिस महकमे में बड़ी सर्जरी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की हरी झंडी मिलने के बाद गृह विभाग की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
इनकी यहां हुई पदस्थापना
कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक लाल उमेंद सिंह को बलरामपुर जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, बेमेतरा जिले के पुलिस अधीक्षक आई. कल्याण एलेसेला को सूरजपुर जिले की कमान सौंपी गई है। इसी तरह दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव अब कबीरधाम जिले के पुलिस अधीक्षक होंगे। सरगुजा जिले की पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता अब बेमेतरा जिले की पुलिस अधीक्षक होंगी। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा को दुर्ग जिले का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। उनकी जगह कोंडागांव जिले के पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार लाल जी भाई पटेल को कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा सिद्धार्थ तिवारी को मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सुनील शर्मा को सरगुजा(अंबिकापुर), चव्हान किरण गंगाराम को सुकमा, येदुवेल्ली अक्षय कुमार को कोंडागांव, गौरव रामप्रवेश राय को दंतेवाड़ा तथा रत्ना सिंह को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ किया गया है।
- Log in to post comments