ट्रक और 75 मजदूरों से भरी बस की आमने- सामने टक्कर से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 20 से ज्यादा घायल
ओडिशा से गुजरात जा रहे थे मजदूर, 2-2 लाख की आर्थिक सहायता
रायपुर (khabargali) छत्तीसगढ़ के रायपुर में हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में आज शनिवार तड़के करीब 3.30 बजे एक दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक और बस की आमने- सामने टक्कर हो गई। बस सवार 8 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा घायल हो गए। इनमें अभी 8 की हालत नाजुक है। घायलों को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बस में 75 लोग सवार थे
बस 75 मजदूरों को लेकर ओडिशा से गुजरात जा रही थी। हादसा मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक भाग निकला। बस ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी है। ओडिशा सरकार ने मरने वालों के परिजन को 2-2 लाख रुपए आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है।
भयानक टक्कर थी
टक्कर का अंदाजा इससे पता चलता है कि बस की बॉडी टूटकर सड़क पर बिखर गई। घायलों को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एसएसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। बस की बॉडी एक तरफ से आधी अंदर दब गई थी। मजदूर अंदर फंसे गए थे। पुलिस ने मशक्कत के बाद लोगों को निकाला। जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के गुंजाम से मजदूर स्लीपर बस से गुजरात के सूरत जा रहे थे। जीने '' के लिए था उनका यह सफर मगर रास्ते में " मौत " मिली.. ।
यहां रायपुर में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के गेट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक से बस की टक्कर हो गई। बस के एक तरफ से परखच्चे उड़ गए और वो यूनिवर्सिटी का गेट तोड़ते हुए अंदर घुस गई। यहां से कुछ दूरी पर हाईवे पर पेट्रोलिंग कर रही पुलिस टीम ने देखा तो मौके पर पहुंचे। घायलों की हालत देखकर आशंका जताई जा रही है कि मरने वालों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मरने वाले 8 लोगों के परिवारों को 2-2 लाख रुपए देने की घोषणा की।
हादसे में ये मजदूर अपनी जान बैठे
सुशांत (40) बागपुरा, नारायण गुरु (27) चपरापूली, समीर (17) सुंदरपुर, तपन (20) विभूतिया, बल्लू (45), युधिष्ठिर (24) कांडा, कैलाश (36) आशापुरी, विश्वनाथ (56) रामनगर शामिल हैं। इसमें से कैलाश और विश्वनाथ सूरत गुजरात और बाकी छह गंजाम ओडिशा के रहने वाले हैं। घायलों में तीन चित्रा (30), संन्यासी(42) व बुल्लू (32) का इलाज डीकेएस में चल रहा है। टुकना (30) व जितेंद्र बोदा (28) का इलाज अंबेडकर में जारी है। बाकी कुछ और मजदूर मामूली रूप से जख्मी हुई है।
ओडिशा के श्रम मंत्री पहुंचे
हादसे के बाद ओडिशा के श्रम मंत्री सुकांत सिंह आज रायपुर पहुंचे। उन्होंने अंबेडकर और डीकेएस अस्पताल पहुंच कर मृतकों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। वहीं मंत्री ने घायलों से चर्चा करते हुए उन्हें ओडिशा ले जाकर बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने बस दुर्घटना में मृत लोगो के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की
मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद के निकट हुई बस दुर्घटना में ओडि़शा के आठ लोगो की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों को त्वरित और बेहतर उपचार के साथ ही अन्य जरूरी मदद दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।
तश्वीरों में हादसे की भयानकता झलकती है
- Log in to post comments