जितिया पर्व पर दर्दनाक हादसा, यमुना में डूबने से 2 महिलाओं की मौत

Tragic incident during Jitiya festival; two women drown in the Yamuna. hindi news latest news खा khabargali

नई दिल्ली (खबरगली) दिल्ली के वजीराबाद इलाके में जितिया पर्व के मौके पर दर्दनाक हादसा हो गया। यमुना नदी में डूबने से दो महिलाओं की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाएं जितिया पर्व पर स्नान करने के लिए वजीराबाद स्थित सुर घाट पहुंची थीं। स्नान के दौरान दोनों महिलाएं गहरे पानी की ओर चली गईं और डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने नदी में तलाश अभियान शुरू किया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान काफी खोजबीन के बाद दोनों महिलाओं के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जखीरा की रहने वाली थीं दोनों महिलाएं

पुलिस के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाली दोनों महिलाएं जखीरा इलाके की रहने वाली थीं। उनकी पहचान पिंकी कुमारी और काजल कुमारी के रूप में हुई है। दोनों एक साथ पढ़ने जाती थीं और जितिया पर्व के मौके पर भी साथ ही वजीराबाद के सुर घाट पहुंची थीं। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। एक साथ पढ़ने जाने वाली दोनों युवतियों की इस हादसे में मौत से परिजनों और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है।

क्या बोलीं डीसीपी?

नॉर्थ दिल्ली की डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि दोनों महिलाएं अपने परिजनों के साथ वजीराबाद के सुर घाट पर स्नान करने गई थीं। इस दौरान अधिक गहराई में चले जाने के कारण दोनों यमुना में डूब गईं। पुलिस के मुताबिक, दोनों महिलाओं के नदी में डूबने की सूचना गुरुवार को मिली थी।