नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में गिरी, तीन श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल

 Three pilgrims killed and several injured as tractor-trolley falls into ditch on National Highway hindi news latest news khabargali

कांगड़ा (खबरगली) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में नेशनल हाईवे-503 पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ढलियारा इलाके में शिव मंदिर के पास एक मोड़ और खतरनाक ढलान पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर करीब सौ फुट गहरी खाई में जा गिरी।

इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी यात्री पंजाब के कपूरथला के थे। वे माता चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शन करने के बाद माता ज्वालामुखी मंदिर की ओर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि ढलियारा क्षेत्र में चालक मोड़ और ढलान के कारण वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं। खाई में गिरे घायलों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल देहरा ले जाया गया। सात गंभीर घायलों को डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशासन ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान की प्रक्रिया जारी है। साथ ही, घायलों के परिजनों को सूचित किया जा रहा है।

इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला। उनका कहना है कि ढलियारा क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस सुरक्षा उपाय नहीं किए। लोगों ने मांग की है कि इस खतरनाक मोड़ पर क्रैश बैरियर लगाए जाएं, स्पष्ट चेतावनी संकेत लगाए जाएं और सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं। यह घटना एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को उजागर करती है। यदि समय रहते जरूरी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में भी ऐसे हादसे दोहराए जा सकते हैं।