NEET एग्जाम की नई तारीख का ऐलान, 21 जून को होगी परीक्षा

New date for NEET exam announced, exam to be held on June 21 hindi news big news latest news khabargali

नई दिल्ली (खबरगली)  NEET UG 2026 पेपर लीक मामले के बाद अब राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने दोबारा परीक्षा की तारीख का ऑफिशियल घोषणा कर दी है। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद NTA ने जानकारी दी है कि NEET UG 2026 की री-एग्जाम परीक्षा 21 जून 2026, रविवार को आयोजित की जाएगी। यह जानकारी एजेंसी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर शेयर की है।

NTA ने साफ किया है कि दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए नया प्रश्नपत्र तैयार किया जा रहा है। इस बार पेपर सेटिंग की प्रक्रिया को पहले से कहीं ज्यादा गोपनीय और बहुस्तरीय बनाया गया है।

पेपर लीक रोकने के लिए सख्त निगरानी

इस बार NTA सबसे ज्यादा फोकस प्रश्नपत्र की प्रिंटिंग और सुरक्षित डिलीवरी पर कर रही है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई थी कि पिछली बार पेपर लीक प्रिंटिंग प्रक्रिया के दौरान हुआ था। इसी को ध्यान में रखते हुए अब डिजिटल एन्क्रिप्शन तकनीक के जरिए प्रश्नपत्र प्रिंटिंग प्रेस तक भेजे जाने की योजना बनाई जा रही है। इसके अलावा प्रश्नपत्र ले जाने वाले वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया जाएगा, ताकि हर मूवमेंट पर नजर रखी जा सके। जरूरत पड़ने पर स्थानीय पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मदद भी ली जाएगी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी रह सके

अब तक 7 लोग गिरफ्तार

मामले में अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। CBI ने बुधवार से देशभर में 14 अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद सात दिन की कस्टडी में भेज दिया गया है। जांच एजेंसी को शक है कि महाराष्ट्र के अहिल्यानगर से गिरफ्तार धनंजय लोखंडे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड हो सकता है। फिलहाल CBI पूरे सिंडिकेट और इसके संभावित कनेक्शन की गहराई से जांच कर रही है।