पटाखों से भीषण धमाका, 5 लोगों की मौत, मकान का हिस्सा ढहा

Massive explosion caused by firecrackers 5 people dead part of a house collapses Latest news khabargali

सीवान (खबरगली) बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार को पटाखों में आग लगने से भीषण विस्फोट हो गया। हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। धमाका इतना जोरदार था कि मकान का अगला हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब दो घंटे तक रुक-रुककर धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं।

घटना जिले के जामो थाना क्षेत्र के आलमापुर गांव की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक मकान में पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग लग गई और वहां रखे पटाखों में विस्फोट होने लगा। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

एसपी भारत सोनी ने की 5 मौतों की पुष्टि

सीवान के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।

दो घंटे तक धमाकों से दहला इलाका

शुरुआती विस्फोट के बाद लगातार धमाके होते रहे। मकान का अगला हिस्सा सड़क पर गिरने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल के पास जमा हो गए।