थाईलैंड (खबरगली) पूर्वोत्तर थाईलैंड के मुकदाहान प्रांत में गुरुवार को एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। तीर्थयात्रा पर निकले बौद्ध भिक्षुओं के एक समूह को एक पिकअप ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कम से कम 9 भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
समाचार एजेंसी एपी के अनुसार, मुकदाहान के गवर्नर वोरयान बुन्नारत ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि 5 भिक्षुओं की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल चार अन्य भिक्षुओं ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चिकित्सकों की टीम घायलों की लगातार निगरानी कर रही है।
11 वर्षीय लड़का पुलिस हिरासत में
स्थानीय पुलिस ने बताया कि हादसे के समय पिकअप ट्रक 11 वर्षीय लड़का चला रहा था, जिसे घटना के बाद हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल होगी।
हादसे में सुरक्षित बचे कुछ भिक्षुओं ने पुलिस को बताया कि ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर संतुलन खो बैठा। इसके बाद वाहन सड़क से फिसलता हुआ सीधे भिक्षुओं के समूह में जा घुसा। प्रारंभिक जांच में वाहन के नियंत्रण खोने की बात सामने आई है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने
आएगा।
- Log in to post comments