छत्तीसगढ़ को मिलेगी पहली राजकीय तितली, पसंदीदा तितली चुनने Google Form के माध्यम से ऑनलाइन मतदान शुरू किया

Chhattisgarh to get its first state butterfly; online voting via Google Form has begun to select the preferred butterfly. Latest news hindi news khabargali

रायपुर(खबरगली) छत्तीसगढ़ में पहली बार राजकीय तितली चुनने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने इस पहल के तहत प्रदेशवासियों से ऑनलाइन मतदान के जरिए अपनी पसंद की तितली चुनने की अपील की है। 

 

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जैव विविधता का संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की, ताकि प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ सके।

 

विशेषज्ञ समिति ने वैज्ञानिक और पारिस्थितिक मानकों के आधार पर तीन तितली प्रजातियों का चयन किया है। इनमें कॉमन बैंडेड पीकॉक, ऑरेंज ओकलीफ और स्पॉट स्वोर्डटेल शामिल हैं। इनका चयन राज्य में उपलब्धता, संरक्षण महत्व, विशिष्टता और आम लोगों के बीच पहचान जैसे मानकों को ध्यान में रखकर किया गया है।

वन विभाग ने नागरिकों के लिए Google Form के माध्यम से ऑनलाइन मतदान शुरू किया है। प्रदेश का कोई भी नागरिक 31 अगस्त 2026 तक अपनी पसंद की तितली के पक्ष में वोट कर सकता है। विभाग ने विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, शिक्षकों, पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से भी इस अभियान में भाग लेने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की है। जनमत और विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर छत्तीसगढ़ की पहली राजकीय तितली का अंतिम चयन किया जाएगा।

Category