रायपुर (खबरगली) नगर निगम रायपुर में कार्यालयीन कामकाज को पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस बनाने की दिशा में ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में निगम मुख्यालय में महापौर मीनल चौबे और एमआईसी सदस्यों को ई-ऑफिस एवं ई-फाइल प्रणाली का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।
निगम मुख्यालय भवन के तृतीय तल स्थित सभाकक्ष में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में निगम के प्रोग्रामर ने पोर्टल पर लॉग-इन करने से लेकर फाइलों और डाक-पत्राचार के संचालन तक की पूरी प्रक्रिया व्यावहारिक रूप से समझाई।
इस दौरान महापौर मीनल चौबे ने राज्य शासन की मंशा के अनुरूप स्वयं ई-ऑफिस प्रणाली का नियमित उपयोग करने की बात कही। उन्होंने सभी एमआईसी सदस्यों से भी ई-ऑफिस का नियमित उपयोग करने का आग्रह किया।
अब ई-ऑफिस से होगा कार्यालयीन काम
नगर निगम में डाक, नस्ती, फाइल और पत्राचार सहित सभी कार्यालयीन कार्य ई-ऑफिस के माध्यम से संपादित करना अनिवार्य किया गया है। निगम अधिकारियों के अनुसार इससे कामकाज में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ेगी। साथ ही पेपरलेस कार्यप्रणाली को बढ़ावा मिलेगा और फाइलों के निराकरण में लगने वाला समय भी कम होगा।
सेवा की गुणवत्ता में सुधार
इसका सीधा लाभ निगम की कार्यप्रणाली के साथ ही नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के रूप में मिलने की उम्मीद है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, उपायुक्त आईटी तोरण शर्मा, सचिव संगीता साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य सरिता दुबे, गायत्री चंद्राकर, सुमन पाण्डेय, महेन्द्र खोडियार, दीपक जायसवाल, संतोष साहू, अवतार सिंह बागल, अमर गिदवानी, भोला राम साहू, नंदकिशोर साहू और खेम कुमार सेन भी मौजूद थे।
=
- Log in to post comments
