रामबन (खबरगली) जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सोमवार सुबह अमरनाथ यात्रा के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहलगाम मार्ग की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल दो बसें आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास से गुजर रही एक कार भी इसकी चपेट में आ गई। हादसे में 18 श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 7:20 बजे चंदेरकोट लंगर पॉइंट के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (JKRTC) की दो बसों के बीच टक्कर होने से यह हादसा हुआ। टक्कर के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ, भारतीय सेना और नागरिक प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से बसों और क्षतिग्रस्त कार में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की सहायता से हटाया गया, जिसके बाद सड़क को फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा के काफिले की सुरक्षा को देखते हुए मार्ग पर अतिरिक्त निगरानी और आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की हैं। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक स्तर पर यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई।
- Log in to post comments