राजनांदगांव (खबरगली) छत्तीसगढ़ सीमा से लगे महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धनोरा ब्लॉक के जापटलाई स्थित आवासीय आश्रम स्कूल में सोमवार तडक़े सोते समय छह छात्राओं को सांप ने डस लिया। हालत बिगडऩे पर सभी को धनोरा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गढ़चिरौली जिला सामान्य अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान तीन छात्राओं की मौत हो गई। तीन छात्राओं का उपचार जारी है। इनमें एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से नागपुर के जीएमसी अस्पताल भेजा गया। दो छात्राओं का गढ़चिरौली जिला सामान्य अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गए। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर उपचार की व्यवस्था की। स्कूल परिसर में सर्पदंश की घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
विद्यार्थियों से सतर्क रहने की अपील
गढ़चिरौली के एसपी एम. रमेश ने बारिश के मौसम में सर्पदंश की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए नागरिकों और विद्यार्थियों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मानसून में सांपों के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं, इसलिए सावधानी जरूरी है।
- Log in to post comments