
छात्रों के एक दूसरे गुट ने विवादित प्रदर्शन का विरोध किया
रायपुर (khabargali) गुजरात दंगों से सम्बंधित देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर ब्रिटिश न्यूज़ एजेंसी बीबीसी (BBC) की डॉक्टूमेंट्री "इंडिया: द मोदी क्वेश्चन" पर बवाल मचा हुआ है। इस मामले ने अब राजनीतिक मोड़ भी ले लिया है।केंद्र सरकार ने इस डॉक्यूमेंट्री को प्रतिबंधित कर दिया है। इसका देश में प्रदर्शन रोक दिया गया। तो वहीं कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस समेत अन्य कई दल सवाल उठा रहे हैं। अब यह विवाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर भी पहुंच गया है। इस बीच रायपुर के पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी के हाॅस्टल में 26 जनवरी की रात इस फिल्म की स्क्रीनिंग हुई। इस दौरान छात्रों के एक दूसरे गुट ने विवादित प्रदर्शन का विरोध किया, जिसकी वजह से थोड़ी देर तक हंगामा भी हुआ।
दरअसल, इंडिया: द मोदी क्वेश्चन दो पार्ट की एक सीरीज है जिसमें साल 2002 गुजरात दंगों को दर्शाया गया है। इस डॉक्यूमेंट्री में उस दौरान की राजनीतिक हालात की तस्वीर दिखाई गई है साथ ही पीएम मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री का दौर भी दिखाया गया है। ब्रिटेन में इस डॉक्यूमेंट्री का पहला एपिसोड 17 जनवरी को प्रसारित हुआ जिसमें पीएम मोदी के शुरुआती राजनीतिक जीवन को दिखाया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉक्यूमेंट्री में अधिकतर हिस्सों में पीएम मोदी के खिलाफ चीज़ें दिखाई गई हैं।
डॉक्यूमेंट्री दो भागों में है जिसका पहला भाग 17 जनवरी और दूसरा भाग 24 जनवरी को जारी किया गया। केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने डॉक्यूमेंट्री के पहले एपिसोड को दिखाने वाले तमाम वीडियो को यूट्यूब से हटाने का निर्देश दिया है। वीडियो के किसी भी हिस्से को ट्विटर पर भी शेयर करने से रोक भी लगाई गई है। ऐसे सारे ही लिंक को ब्लॉक करने को कहा गया है। सरकार इसे भारत विरोधी प्रोपेगेंडा फिल्म बता रही है।
- Log in to post comments