छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को मिलेंगे 3 नए जज, कॉलेजियम ने तीन नामों की सिफारिश की

Chhattisgarh High Court to get 3 new judges; Collegium recommends three names bilaspur chattisgarh hindi news khabargali

बिलासपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में जल्द ही तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 18 अगस्त 2026 को हुई बैठक में तीन न्यायिक अधिकारियों को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश की है। कॉलेजियम की ओर से जिन नामों की सिफारिश की गई है, उनमें संतोष शर्मा, सुषमा सावंत और सुधीर कुमार शामिल हैं। तीनों लंबे समय से न्यायिक एवं प्रशासनिक जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

तीनों अधिकारियों की वर्तमान जिम्मेदारी

संतोष शर्मा वर्तमान में कोरबा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। वहीं सुषमा सावंत रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग में प्रमुख सचिव के पद पर प्रतिनियुक्ति पर हैं। सुधीर कुमार रायपुर फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश हैं।

हाईकोर्ट में बढ़ेगी जजों की संख्या

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीशों के 22 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में 13 जज कार्यरत हैं। ऐसे में तीन नए न्यायाधीशों की नियुक्ति होने पर न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलने और लंबित मामलों की सुनवाई में तेजी आने की उम्मीद है। कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब नियुक्ति की आगे की संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होगी। औपचारिक नियुक्ति के बाद तीनों न्यायिक अधिकारी हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल सकेंगे।
 

Category