रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। जहां राजधानी रायपुर में रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है, वहीं बस्तर संभाग के कई जिलों में लगातार मूसलाधार बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे में दंतेवाड़ा जिले के बचेली में 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो प्रदेश में सबसे अधिक रही।
लगातार हो रही बारिश का सबसे अधिक असर बस्तर संभाग में देखने को मिल रहा है। पिछले दो दिनों में प्रदेश में औसतन 33 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जिससे मानसूनी बारिश की कमी धीरे-धीरे पूरी हो रही है।बारिश के आंकड़ों के अनुसार, 30 जून तक प्रदेश में औसत वर्षा 66.5 मिमी थी, जो 2 जुलाई तक बढ़कर 99.6 मिमी हो गई।
हालांकि यह अभी भी सामान्य से 54 प्रतिशत कम है।मानसून के आगमन के 11 दिनों में दंतेवाड़ा ऐसा एकमात्र जिला है, जहां सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। जिले में अब तक 207.7 मिमी वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से 5 प्रतिशत अधिक है। बचेली क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से जिले का वर्षा कोटा लगभग पूरा होने की स्थिति में पहुंच गया है।
- Log in to post comments