दुर्ग में अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, मशीनें व कच्चा माल भी बरामद, 11 आरोपी गिरफ्तार

Illegal Gutkha factory busted in Durg; machinery and raw materials seized, 11 accused arrested raipur chhattisgarh bhilai news khabargali

भिलाई (खबरगली)  दुर्ग जिले के अंडा और कुथरेल क्षेत्र में साबुन पाउडर बनाने की आड़ में चल रही अवैध जर्दायुक्त गुटखा फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस की छापेमारी में तीन पैकिंग मशीनें और भारी मात्रा में गुटखा व कच्चा माल बरामद हुआ है। पाटन डीएसपी अनुप लकड़ा ने बताया कि रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध युवकों से पूछताछ के दौरान सितार नामक गुटखा मिला, जिसने इस बड़े रैकेट का खुलासा किया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी खुर्सीपार के एक सुपरवाइजर के जरिए गुटखा सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अंडा और कुथरेल स्थित गोदामों पर रेड मारी, जहां गुटखा निर्माण का अवैध धंधा चल रहा था। मामले में 11 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
साबुन बनाने कमरा लिया था किराए पर

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ कि वीरेंद्र तिवारी ने असलम खान से गोदाम साबुन पाउडर बनाने के नाम पर किराए पर लिया था, लेकिन वहां गुटखा पैक किया जा रहा था। इस पूरे खेल का मास्टरमाइंड नेहरू नगर का कपड़ा व्यवसायी जगदीश शदाणी उर्फ जग्गा बताया जा रहा है, जो पहले गुटखा किंग गुरुमुख जुमनानी का पार्टनर था। खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर गुटखा के नमूने लिए और गोदाम को सील कर दिया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Category