जशपुर (खबरगली) जमीन की खुदाई के दौरान जेसीबी से निकली करीब 3 फीट लंबी पुरानी तिजोरी ने जिला मुख्यालय में कौतूहल पैदा कर दिया है। रविवार को वनवासी कल्याण आश्रम के पास खुदाई के दौरान जमीन में दबी यह तिजोरी मिली। तिजोरी वर्षों पुरानी बताई जा रही है। बताया गया कि तिजोरी वनवासी कल्याण आश्रम परिसर और पास स्थित एक पंडित जी के घर के बीचोंबीच मिली है। ऐसे में तिजोरी किसकी है, इसे लेकर असमंजस बना हुआ है।
मालिकाना हक स्पष्ट होने का इंतजार
फिलहाल तिजोरी को सुरक्षित रखा गया है और मालिकाना हक स्पष्ट होने का इंतजार किया जा रहा है। इसके भीतर क्या है और यह आखिर किसकी है, फिलहाल दोनों सवाल अनुत्तरित हैं। अब 1 दिसंबर को तिजोरी खुलने के बाद ही इस रहस्य से पर्दा उठेगा। भाजपा के पूर्व सांसद एवं पूर्व जशपुर रियासत के राजा रणविजय सिंह जूदेव ने बताया कि रविवार को वे पम्पशाला में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल थे।
1 दिसंबर को खुलेगी तिजोरी
पूर्व सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव के अनुसार, आश्रम प्रमुख योगेश बापट 1 दिसंबर को बेंगलुरु से जशपुर लौटेंगे। उनके आने के बाद तिजोरी के मालिकाना हक का निर्धारण किया जाएगा। तिजोरी जिस किसी की भी होगी, उसे सुपुर्द कर दिया जाएगा। इसी दिन तिजोरी खोलकर उसके भीतर रखी वस्तुओं का पता लगाया जाएगा।
- Log in to post comments
