कैंसर से जंग में छत्तीसगढ़ का नया प्लान, मरीजों का बनेगा डेटाबेस, 5 हजार बेड की मेडिसिटी भी तैयार

Chhattisgarh's new plan in the fight against cancer: patient database to be created, 5,000-bed 'Medicity' also ready. Latest news hindi news raipur news khabargali

रायपुर (खबरगली) कैंसर के बढ़ते खतरे के बीच छत्तीसगढ़ में अब बीमारी की जल्द पहचान, व्यवस्थित स्क्रीनिंग और समय पर इलाज पर फोकस बढ़ाया जा रहा है। सरकार कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने के साथ सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए HPV टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। वहीं नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ में विकसित हो रही 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी को राज्य में आधुनिक और सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े केंद्र के रूप में तैयार किया जा रहा है।

नवा रायपुर के मेफेयर में आयोजित चौथे BMC छत्तीसगढ़ कैंसर कॉन्क्लेव-2026 के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई सिर्फ इलाज तक सीमित नहीं रह सकती। बीमारी की समय पर पहचान के साथ मरीज का मनोबल बनाए रखना और परिवार व समाज का भावनात्मक सहयोग भी जरूरी है।

34 लाख लोगों की स्क्रीनिंग, 40 हजार को इलाज से जोड़ा

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत करीब 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की जा चुकी है। इनमें लगभग 40 हजार लोगों में बीमारी की पहचान के बाद उन्हें उपचार से जोड़ा गया है। सरकार का जोर अब स्क्रीनिंग का दायरा बढ़ाने और गंभीर बीमारियों की पहचान शुरुआती चरण में करने पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शुरुआती अवस्था में कैंसर की पहचान होने पर उपचार की संभावनाएं बेहतर होती हैं।

कैंसर मरीजों का तैयार होगा डेटाबेस

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में कैंसर को नोटिफाई करने का निर्णय लिया गया है। इससे कैंसर मरीजों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने में मदद मिलेगी।

इस डेटा के जरिए मरीजों की बीमारी और उपचार से जुड़ी जानकारी को बेहतर तरीके से दर्ज किया जा सकेगा। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य स्क्रीनिंग से लेकर उपचार तक कैंसर मरीजों की निगरानी और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक व्यवस्थित करना है।

सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ HPV टीकाकरण पर जोर

सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए HPV टीकाकरण को मिशन मोड में आगे बढ़ाने की बात भी स्वास्थ्य मंत्री ने कही। सरकार का फोकस टीकाकरण के साथ स्क्रीनिंग और जागरूकता बढ़ाने पर भी है, ताकि बीमारी के जोखिम को कम करने और समय रहते इसकी पहचान करने में मदद मिल सके

500 से ज्यादा स्वास्थ्य शिविर लगाए

स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, बालको मेडिकल सेंटर ने स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से प्रदेश में 500 से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए हैं। इन शिविरों में कैंसर को लेकर जागरूकता और जांच के लिए लोगों को प्रेरित करने पर जोर दिया गया। इसी कड़ी में अब सरकार कैंसर की स्क्रीनिंग और उपचार सुविधाओं को प्रदेश के दूरस्थ इलाकों तक पहुंचाने पर भी जोर दे रही है।

5 हजार बेड की मेडिसिटी से बढ़ेगी गंभीर बीमारियों के इलाज की क्षमता

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नवा रायपुर में करीब 100 एकड़ में 5 हजार बिस्तरों की मेडिसिटी विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश में आधुनिक चिकित्सा और विशेषज्ञ सेवाओं का विस्तार करना है। सरकार के मुताबिक, इस तरह की स्वास्थ्य अधोसंरचना विकसित होने से कैंसर सहित गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए राज्य के भीतर ही विशेषज्ञ सुविधाओं की उपलब्धता बढ़ेगी।

इलाज के खर्च के लिए 25 लाख रुपये तक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंभीर बीमारी के इलाज में आर्थिक परेशानी बड़ी चुनौती बन सकती है। सरकार की योजनाओं के जरिए जरूरतमंद मरीजों को उपचार में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक उपचार की सुविधा मिलती है। वहीं मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को 25 लाख रुपये तक उपचार सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।

Category