कवर्धा मामले में जितने लोगों पर एफआईआर हुई है वह रद्द कर करें न्यायिक जांच-भाजपा

Kawardha issue, BJP MP, MLA, Integral Complex, arrested, Chhattisgarh, Khabargali

सीएम हाउस घेराव करने निकले थे भाजपाई,पुलिस से हुआ विवाद

रायपुर (khabargali) कवर्धा मुद्दा आज एक बार फिर राजधानी में गरमा गया जब भाजपा नेताओं ने सीएम हाउस घेराव करने के अपने ऐलान पर भाजपा मुख्यालय से एकत्र होकर निकले। रैली में भाजपा के सांसदों विधायकों के साथ पूर्व मुख्यमंत्री से लेकर संगठन के सभी पदाधिकारी भी साथ थे। सिविल लाइन थाने के पास पुलिस ने उन्हे रोका तो विवाद के बीच धक्का मुक्की हो गई। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर सिविल लाइन थाने में बिठा दिया। वहां वे भी राज्य सरकार व मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। इस बीच प्रदेश भाजपा नेताओं ने दो टूक कहा कि गलत तरीके से एफआईआर हुई है उसे वापस लिया जाए और पूरे मामले की न्यायिक जांच हो। भाजपा नेताओं ने दोपहर बाद एकात्म परिसर से रैली निकाली। हाथ में नारे लिखी तख्तियां लिए भाजपा नेताओं की रैली शहीद स्मारक, शास्त्री चौक होते हुए कलेक्ट्रेट चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक पहुंची। यहां भाजपा नेताओं ने कुछ देर तक प्रदर्शन किया। वहां से रैली राजभवन को पार कर सर्किट हाउस रोड पर आगे बढ़ी। सिविल लाइन थाने के पास पुलिस ने इस रैली को आगे बढऩे से रोक लिया। इस दौरान भाजपा नेताओं का पुलिस से विवाद हुआ। हल्की धक्कामुक्की के बाद भाजपा नेताओं ने जब लौटने से इनकार कर दिया तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी को सिविल लाइन थाने में बिठा लिया गया।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा, कवर्धा की घटना को लेकर पूरा छत्तीसगढ आक्रोशित है। इसी आक्रोश की अभिव्यक्ति के लिए हम लोग सड़क पर उतरे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा, हम लोग धरने पर बैठने आए हैं। हम चाहते हैं कि इस मामले में जितने लोगों पर एफआईआर हुई है वह रद्द हो, केस वापस लिया जाए और घटना की न्यायिक जांच हो। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कवर्धा के मामले को लेकर प्रदेश में जन आक्रोश है। इस मसले पर प्रदेश सरकार की नीति स्पष्ट नहीं है। मामले की न्यायिक जांच को लेकर हमारा विरोध हमेशा जारी रहेगा। जब तक जांच की घोषणा प्रदेश सरकार नहीं कर देती। लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है। कांग्रेस सरकार इस मामले में लगातार परदा डालने की कोशिश कर रही है।

Related Articles