
महाराष्ट्र मंडल मना रहा अपनी 90वीं सालगिरह, तीन दिवसीय मेले में मराठी कॉमेडियन दीपक देशपांडे से लेकर हिंदी नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ तक बहुत कुछ
रायपुर (खबरगली) महाराष्ट्र मंडल मराठी सोहळा (मेला) के साथ अपनी 90वीं सालगिरह शुक्रवार से तीन दिवसीय समारोह के रूप में मनाने जा रहा है। इसमें हर आयु वर्ग के सदस्यों के लिए मनोरंजन के साथ चटपटे और मीठे व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा। वहीं इस वर्ष ‘एंटिक पीस’ की प्रदर्शनी मराठी मेले को खास बनाएगी। साथ ही विविध सेगमेंट्स के स्टाल सभी को आकर्षित करेंगे। इस अवसर पर ‘महाराष्ट्र मंडल: 90 वर्षों का स्वर्णिम सफर’ नाम की विशेष स्मारिका ‘गर्व’ का विमोचन किया जाएगा। महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले, बृहन्महाराष्ट्र मंडल के छत्तीसगढ़ कार्यवाह सुबोध टोले के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज भेंट कर तीन दिवसीय मराठी समारोह की जानकारी दी।
सचिव चेतन गोविंद दंडवते ने बताया कि तीन दिवसीय मराठी मेले का उद्घाटन शुक्रवार को दोपहर दो बजे होगा। वहीं शाम चार बजे से सभी समाजों के लिए संगोष्ठी होगी। संगोष्ठी का विषय ‘सामाजिक कार्यों से सबका मन कैसे जीते, कैसा बनाए समाज’ रखा गया है। वहीं शाम को सात बजे से मराठी हास्य सम्राट विजेता दीपक देशपांडे का विशेष कार्यक्रम 'हास्य जत्रा' होगा।
दंडवते के मुताबिक स्थापना दिवस के दूसरे दिन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के लिए विविध स्पर्धाएं होंगी। इसमें सुबह 11.15 से 12.15 तक महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए फ्री हैंड रंगोली स्पर्धा और बच्चों के लिए तोरण सजाओ स्पर्धा होगी। दोपहर 12.30 से 1.30 तक महिलाओं के लिए मेंहदी बनाओ और बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस व डांस स्पर्धा होंगी। दोपहर 1.45 से 2.45 तक का समय महिलाओं के लिए मराठी पारंपरिक व्यंजन स्पर्धा और बच्चों के लिए फायरलेस कुकिंग स्पर्धा आयोजित की गई है। दोपहर तीन से चार बजे तक सभी वर्ग के लिए कॉमन गेम्स होंगे।
दंडवते ने बताया कि दूसरे दिन शाम चार से छत्तीसगढ़ - मराठी समाज की संगोष्ठी होगी। संगोष्ठी का विषय ‘कैसे बढ़ाये सामाजिक कार्य और छत्तीसगढ़ में मराठी संस्थाओं का विश्वास’ रखा गया है। वहीं शाम सात बजे से हिंदी नाटक ‘मैं अनिकेत हूं’ का मंचन किया जाएगा। नाटक के मुख्य अतिथि रायपुर एम्स के डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल डा. अशोक जिंदल होंगे। अंतिम दिन वरिष्ठजन सम्मान, पर्यावरण जागरूकता, योग नृत्य, जादूगर के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न स्पर्धाओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डा. रमन सिंह शाम चार बजे महाराष्ट्र मंडल में पहुचेंगे और विभिन्न प्रतियोगितों में विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। तीसरे दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे समाज के वरिष्ठजनों के सम्मान के साथ होगी। इसके बाद दोपहर एक बजे से पर्यावरण जागरूकता पर कार्यक्रम होगा। इसके उपरांत मंडल की योग समिति योग नृत्य प्रस्तुत करेगी। दोपहर 1.30 से 2.30 बजे तक कला संस्कृति समिति की ओर से रंगारंग कार्यक्रम होंगे। दोपहर 2.30 बजे से जादूगर वी. शांताराम लोगों को जादू दिखाएंगे। शाम 4.30 बजे से 6.30 बजे तक सम्मान समारोह आयोजित किया गया है। शाम 6.30 बजे से मंडल के 16 महिला केंद्रों की टीम द्वारा मराठी लोकनृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। 8:30 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ मराठी मेले का समापन होगा।
- Log in to post comments