रायपुर में 9 साल की मासूम से दरिंदगी का अंजाम, आरोपी के घर पर चला बुलडोजर

9-year-old girl brutally raped in Raipur, accused's house bulldozed

रायपुर (कबरगली) छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 9 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। नगर निगम रायपुर ने आरोपी के अवैध रूप से निर्मित मकान को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर निगम द्वारा जारी नोटिस के सात दिन बाद की गई, जिसे शहर में कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा के प्रति कड़ा संदेश माना जा रहा है।

मेयर के निर्देश पर हुई कार्रवाई

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के मकान को अवैध निर्माण की श्रेणी में चिन्हित किया गया था। इस संबंध में मेयर मीनल चौबे द्वारा सात दिन पूर्व नोटिस जारी किया गया था। तय समयसीमा पूरी होने के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर मकान को ध्वस्त किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अपराधियों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

9 साल की बच्ची के साथ किया था जघन्य अपराध

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने 7 से 11 जनवरी के बीच अपने ही मोहल्ले में रहने वाली 9 साल की बच्ची को खाने-पीने की चीजों का लालच देकर कई बार अपने घर बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी बच्ची को धमकी देता था कि अगर उसने किसी को बताया तो उसे नुकसान पहुंचाएगा, जिससे वह डर के कारण चुप रही।

दर्द से रोती बच्ची ने खोला राज

12 जनवरी की सुबह बच्ची दर्द से कराहती हुई जमीन पर लेटी मिली। जब चाची उसे नहलाने ले गईं और कारण पूछा, तब बच्ची ने आपबीती बताई। इसके बाद परिजन तत्काल उसे लेकर थाने पहुंचे और मामला दर्ज कराया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

प्रशासन का सख्त संदेश

इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ किया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को कानूनी सजा के साथ-साथ प्रशासनिक कार्रवाई का भी सामना करना पड़ेगा। नगर निगम और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को शहर में अपराधियों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।

Category