भगवान चित्रगुप्त प्राकट्योत्सव: मेडिकल कॉलेज सभागार में सजेगी सांस्कृतिक संध्या, निकलेगी भव्य शोभायात्रा
रायपुर (खबरगली ) राजधानी रायपुर में आज कायस्थ समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत और एकता का परिचय देने जा रहा है। श्री चित्रगुप्त जयंती आयोजन समिति द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय 'चित्रांशोत्सव 2026' का भव्य आयोजन रविवार, 3 मई को जेल रोड स्थित श्री अटल बिहारी वाजपेयी सभागार (मेडिकल कॉलेज) में किया जाएगा।इस गरिमामय समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद बृजमोहन अग्रवाल मौजूद रहेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से होगी शुरुआत
समिति के संयोजक संजय श्रीवास्तव ने बताया कि यह आयोजन का 15वां वर्ष है। कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 12:30 बजे से होगी, जिसमें समाज के बच्चों और महिलाओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी।
शाम को भक्ति और भव्य शोभायात्रा
शाम 4:30 बजे से समाज के लोगों का जुटना शुरू होगा, जिसके बाद शाम 5:00 बजे भगवान श्री चित्रगुप्त जी की विशेष पूजन, आरती और भजन कीर्तन होगा। उत्सव का मुख्य आकर्षण शाम 5:30 बजे निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी, जिसमें बड़ी संख्या में चित्रांश परिवार शामिल होंगे।
संगीत संध्या और स्वरुचि भोज
दिनभर के कार्यक्रमों के बाद रात 8:00 बजे से मंचीय कार्यक्रम और सुरमई संगीत संध्या का आयोजन होगा। कार्यक्रम का समापन सामूहिक स्वरुचि भोज के साथ किया जाएगा।संयोजक संजय श्रीवास्तव ने समस्त चित्रांश समाज से अपील की है कि वे इस आयोजन में सपरिवार पहुँचकर समाज की एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में सहभागी बनें।
- Log in to post comments