सांसद बृजमोहन अग्रवाल के कड़े तेवर: "मुझे पता है तो पुलिस-आबकारी को क्यों नहीं?", रायपुर में अवैध शराब बिक्री पर अधिकारियों को सरेआम फटकार

MP Brijmohan Agrawal's tough stance: "If I know, why don't the police and excise department?", publicly reprimanding officials for illegal liquor sales in Raipur, Raipur, Chhattisgarh, Khabargali

रायपुर (खबरगली ) राजधानी रायपुर में अवैध शराब की बिक्री को लेकर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। सुशासन तिहार शिविर के दौरान सांसद ने अधिकारियों को खुले मंच से फटकार लगाते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उनका यह बयान और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

इन इलाकों का लिया नाम, कार्रवाई के निर्देश

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर के कई विशिष्ट क्षेत्रों का नाम लेते हुए सीधे अधिकारियों को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि:भाठागांव, मठमुरैना और संतोषी नगर जैसे इलाकों में खुलेआम अवैध शराब का कारोबार चल रहा है।इस अवैध धंधे को तुरंत पूरी तरह से रोका जाना चाहिए।अवैध शराब बेचने वाले चाहे कितने भी प्रभावशाली हों, उन्हें तुरंत जेल भेजा जाए।"

क्या पुलिस और आबकारी विभाग सो रहा है?

"अधिकारियों की लापरवाही पर तीखे सवाल उठाते हुए सांसद ने मंच से कहा, "जब एक जनप्रतिनिधि होने के नाते मुझे इन क्षेत्रों में चल रही अवैध शराब बिक्री की पूरी जानकारी है, तो पुलिस और आबकारी विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं है?" उन्होंने इस मुद्दे को समाज और युवाओं के भविष्य से जुड़ा एक बेहद गंभीर मामला बताया।

पहले भी वायरल हो चुका है अधिकारियों को फटकारने का वीडियो

यह पहला मौका नहीं है जब सांसद बृजमोहन अग्रवाल का अधिकारियों पर गुस्सा फूटा हो। इससे पहले भी आरंग क्षेत्र के समोदा नगर पंचायत में आयोजित एक कार्यक्रम का वीडियो वायरल हुआ था। उस समय उन्होंने भ्रष्टाचार और जनता की शिकायतों को लेकर मंच पर ही नायब तहसीलदार से तीखे सवाल पूछे थे और जमकर क्लास लगाई थी।

सोशल मीडिया पर जनता उठा रही कार्रवाई की मांग

सांसद के इस बेबाक बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार इस वीडियो को शेयर कर रहे हैं। राजधानी की जनता अब पुलिस और प्रशासन से इन चिन्हित इलाकों में तत्काल छापेमारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही है।

Category