170 बसों के परमिट रद्द, संचालकों पर बड़ी कार्रवाई

 Permits for 170 buses cancelled major action taken against operators raipur chhattisgarh news khabargali

रायपुर (खबरगली) यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और परिवहन नियमों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने प्रदेश की 170 बसों के परमिट निरस्त कर उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया है। इन बसों में अनिवार्य जीपीएस और पैनिक बटन जैसी सुरक्षा सुविधाओं की कमी पाई गई थी। परिवहन विभाग ने तीन महीने तक विशेष जांच अभियान चलाने और नोटिस जारी करने के बाद यह कार्रवाई की है। इसकी जानकारी अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने दी है।

170 बसों के संचालन पर लगाई रोक

परिवहन विभाग के अनुसार, जिन 170 बसों के परमिट निरस्त किए गए हैं, उन्हें संबंधित परमिट के आधार पर संचालन की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई संचालक इन बसों को नियमों का उल्लंघन करते हुए सड़क पर चलाता पाया गया तो वाहन जब्त करने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि बिना वैध परमिट बस संचालित करने पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सजा हो सकती है।

परिवहन विभाग की जांच के प्रमुख आंकड़े 

412 बसों में GPS नहीं 
210 बसों में GPS बंद 
85 पैनिक बटन खराब

प्रदेश में लगभग 12 हजार बसें दिए गए विभागीय आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में लगभग 12 हजार बसें हैं। इनमें 4,500 यात्री बसें, 6,500 स्कूल बसें और करीब 1,000 ऑल इंडिया टूरिस्ट एवं निजी श्रेणी की बसें शामिल हैं। अपर परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परिवहन से जुड़े सभी वाहन मालिकों को सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Category