धमतरी (खबरगली) शहर के व्यस्त गोल बाजार में दिनदहाड़े चोरी की एक घटना सामने आई है। यहां अज्ञात युवक ने किसान नेता लीलाराम साहू की बाइक की डिक्की से 44 हजार रुपये से भरा बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बाजार क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, किसान नेता लीलाराम साहू 21 अक्टूबर को रत्नाबांधा रोड स्थित इंडियन बैंक से 44 हजार रुपये निकालकर गोल बाजार पहुंचे थे। वे इतवारी बाजार होते हुए खाद-बीज खरीदने गए थे। इसी दौरान जब वे अदरक और धनिया खरीद रहे थे, तभी एक युवक उनकी बाइक के पास पहुंचा और डिक्की में रखा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में 44 हजार रुपये नकद के अलावा बैंक की पासबुक और कई जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। घटना का पता चलते ही लीलाराम साहू ने आसपास युवक की तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
- Log in to post comments
