घटना के बाद 8 छात्राओं ने खुदकुशी की कोशिश की
मोहाली (khabargali) हॉस्टल में रह रहीं छात्राओं के लिए सावधान करने वाली खबर आई है। मामला मोहाली की चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के हॉस्टल का है जहां की 60 छात्राओं का नहाते हुए वीडियो वायरल हो गया। इस घटना के बाद 8 छात्राओं ने खुदकुशी की कोशिश की है। इनमें से एक की हालत नाजुक है। हालांकि खुदकुशी वाली बात की यूनिवर्सिटी प्रबंधन या पुलिस ने पुष्टि नहीं की है।
ये सभी वीडियो साथी छात्रा ने ही बनाया था और उसने शिमला में अपने एक दोस्त को भेजा था। उसी ने ये वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिए। वीडियो सामने आने के बाद चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में शनिवार-रविवार की रात भारी हंगामा होना शुरू हुआ, जो अब तक जारी है। छात्राएं और उनके परिजन प्रदर्शन कर रहे हैं।उस लड़के की तलाश में पुलिस की टीम शिमला भेजी गई है, जिसने वीडियो सोशल मीडिया पर डाला।जिन छात्राओं के वीडियो वायरल हुए और जिसने वायरल किए, वो सभी एमबीए में पढ़ती हैं। आरोपी छात्रा लंबे समय से वीडियो बना रही थी और अपने दोस्त को भेज रही थी। उसने ये वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। एक छात्रा ने सोशल मीडिया पर ये वीडियो देखा और उसके बाद हंगामा शुरू हुआ। जब हॉस्टल वॉर्डन ने आरोपी लड़की से पूछताछ की तो उसने कहा कि मैंने एक लड़के को ये वीडियो भेजे हैं। छात्रा ने कहा कि वो उस लड़के को नहीं जानती है। वॉर्डन के कई बार पूछने पर भी लड़की ने नहीं बताया कि लड़के से उसका क्या रिश्ता है और वो कौन है। उससे पूछा गया कि कबसे ये वीडियो बना रही है, उसका भी जवाब छात्रा ने नहीं दिया। वह बार-बार कहती रही कि गलती हो गई है और आगे ऐसा नहीं करूंगी।
एसएसपी विवेकशील सोनी ने बताया- लड़की को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उसका मोबाइल ले लिया गया है। लड़की ने जो वीडियो अपने बॉयफ्रेंड को भेजा, वो उसका खुद का है। दूसरी लड़कियों का वीडियो नहीं है। जब वह वीडियो भेज रही थी, तब हॉस्टल की अन्य लड़कियों ने भी देख लिया। आरोपी लड़की और उसका बॉयफ्रेंड लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिलेशनशिप में हैं।
- Log in to post comments