आईएएस सुबोध सिंह के नाम से फर्जी आईडी बनाने वाला 12वीं पास आरोपी गिरफ्तार, उत्तरप्रदेश से दो शातिर साइबर ठगों को पकड़ा

Accused who created a fake ID in the name of IAS officer Subodh Singh arrested; two cunning cyber fraudsters apprehended from Uttar Pradesh. raipur chhattisgarh khabargali

रायपुर (खबरगली) पुलिस की रेंज साइबर सेल ने ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए उत्तरप्रदेश से दो शातिर साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया एक आरोपी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी के नाम से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर अफसरों को जाल में फंसाने की कोशिश कर रहा था, जबकि दूसरा आरोपी शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 88 लाख रुपए की देशव्यापी ऑनलाइन ठगी के गिरोह से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार, करीब तीन माह पहले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुबोध कुमार सिंह के नाम से एक अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी फेसबुक आईडी बनाई। 

इसके माध्यम से केंद्रीय नेताओं से लेकर उत्तर प्रदेश के स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही थी। मामला संज्ञान में आने पर आईएएस अधिकारी ने राखी थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर टीम ने लोकेशन ट्रेस कर उत्तर प्रदेश के हमीरपुर से आरोपी अर्जुन कुमार जाटव को गिरफ्तार कर लिया। 12वीं पास यह आरोपी ठगी की वारदात को अंजाम दे पाता, उससे पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ गया।

गिरोह का एक और सदस्य दबोचा

वहीं दूसरे मामले में, शेयर ट्रेडिंग के नाम पर रश्मि शर्मा नामक महिला से 88 लाख रुपए का भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। इस प्रकरण में 8 आरोपी पहले ही पकड़े जा चुके हैं। रेंज साइबर पुलिस ने बैंक खातों और वॉट्सऐप की तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी प्रवीण कुमार दीक्षित को कानपुर से गिरफ्तार किया। आरोपी ने दीक्षित एजेंसी नाम से फर्जी कंपनी खोल रखी थी, जिसके बैंक खातों में ठगी की रकम जमा कराई जाती थी। जांच में खुलासा हुआ है कि इन फर्जी बैंक खातों के खिलाफ देश के 11 विभिन्न थानों व साइबर सेलों में शिकायतें दर्ज हैं। रेंज साइबर पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।


 

Category