सेवा संकल्प अभियान के तहत रायपुर में हुआ सियान सेवा महाकुंभ का आयोजन
रायपुर (खबरगली ) अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत समाज कल्याण विभाग द्वारा रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा में सियान सेवा महाकुंभ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 4 हजार से अधिक वरिष्ठजन लाभान्वित हुए। इस अवसर पर वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता और आदर व्यक्त किया गया। समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने वरिष्ठजनों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनसे संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं अनुभवों को जाना। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की मजबूत नींव और अनुभवों की अमूल्य धरोहर हैं। उनका सम्मान और सेवा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सियान आशीष सेवा और सियान श्रम सम्मान प्रोजेक्ट की शुरुआत
80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क बस पास
सियान सेवा महाकुंभ के दौरान सियान आशीष सेवा और सियान श्रम सम्मान प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की गई। नई सियान आशीष सेवा योजना के अंतर्गत 80 वर्ष से अधिक आयु के 1810 वरिष्ठ नागरिकों को सम्पूर्ण भारत में निशुल्क यात्रा के लिए बस पास प्रदान किए गए। बस पास मिलने से वरिष्ठ नागरिकों को देशभर में यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। इसके अलावा जरूरतमंद वरिष्ठजनों को उनकी दैनिक गतिविधियों को आसान बनाने के लिए सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
वरिष्ठजनों को मिले छड़ी, श्रवण यंत्र और ट्राइसाइकिल
महाकुंभ में आवश्यकता के अनुसार 2 हजार छड़ियां, एक हजार श्रवण यंत्र और 20 ट्राइसाइकिल वितरित की गईं। इन सहायक उपकरणों से वरिष्ठ नागरिकों को रोजमर्रा के कार्यों में सुविधा मिलने के साथ आत्मनिर्भरता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
युवाओं से वरिष्ठजनों के सम्मान और सेवा का आह्वान
कार्यक्रम में कहा गया कि आज का युवा यह समझे कि समय के साथ हर व्यक्ति वृद्धावस्था की ओर बढ़ता है। जिस तरह आज हम अपने माता-पिता से स्नेह, संस्कार और संरक्षण प्राप्त करते हैं, उसी तरह उन्हें भी हमारे प्रेम, सम्मान और साथ की आवश्यकता होती है। अपने माता-पिता और परिवार के वरिष्ठजनों का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। ऐसा पारिवारिक वातावरण बनाया जाना चाहिए, जहां किसी भी वृद्धजन को अकेलेपन के कारण वृद्धाश्रम का सहारा लेने की जरूरत न पड़े।
बुजुर्ग हमारे लिए अनुभव और संस्कार की धरोहर
वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का लंबा अनुभव होता है। परिवार और समाज में किसी परेशानी के समय उनके अनुभव और मार्गदर्शन से सही रास्ता मिल सकता है। इसलिए घर के बुजुर्गों को सम्मान, अपनापन और सुरक्षित वातावरण देना हमारे संस्कार का हिस्सा होना चाहिए। उनकी सेवा और सम्मान केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारी पारिवारिक और नैतिक जिम्मेदारी भी है।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जरूरतमंदों तक पहुंचाना सम्मान और सहयोग
सेवा संकल्प अभियान को केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सम्मान, सहयोग और संवेदना पहुंचाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है। सियान सेवा महाकुंभ के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को सरकारी योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया गया।
ये जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, छत्तीसगढ़ दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष श्री लोकेश कावड़िया, नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर श्रीवास तथा विधायक श्री पुरंदर मिश्रा एवं श्री मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग की प्रमुख सचिव श्रीमती शहला निगार, रायपुर कलेक्टर श्री गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, संचालक श्री गजेंद्र सिंह ठाकुर सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठजन मौजूद रहे।
सियान सेवा महाकुंभ से वरिष्ठजनों को मिला सम्मान और सुविधाओं का सहारा
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आयोजित यह सियान सेवा महाकुंभ वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सेवा और सामाजिक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया। कार्यक्रम में हजारों वरिष्ठजनों की भागीदारी के साथ उन्हें यात्रा सुविधा और जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए।
- Log in to post comments
