आस्था ने रामलला के दर्शन का भी नया रिकॉर्ड बनाया

5 lakh devotees visited Ramlala, flood of devotees gathered in Ramnagar, newly built temple of Ramlala, Ayodhya, Khabargali

पिछले पांच दिनों में 14 लाख से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं

अयोध्या (khabargali) रामलला का नवनिर्मित मंदिर जबसे श्रद्धालुओं के लिए खुला, तो रामभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। पिछले पांच दिनों में देश-विदेश से 14 लाख भक्त दर्शन कर चुके हैं। मंदिर खुलने का समय सुबह सात बजे है, लेकिन तड़के तीन बजे से ही श्रद्धालु डट रहे हैं। अचानक से हाईवे ही नहीं गली-मोहल्लों से लोगों का सैलाब रामजन्मभूमि परिसर की ओर बढ़ने लगा है। सीढ़ियों से तिराहे तक भक्त लाइन में खड़े श्रीराम के जयकारे लगा रहे है। कड़ाके की ठंड और बेतहाशा भीड़ के बावजूद भक्तों की आस्था ने रामलला के दर्शन का भी नया रिकॉर्ड बनाया।

23 जनवरी को पांच लाख श्रद्धालुओं ने श्रीराम दरबार में हाजिरी लगाई उस दिन सुबह भंडारों में भी 300 मीटर लंबी लाइन थी। वही, आज रविवार को शुरुवाती 4 घंटे में करीब 30 हजार भक्त रामलला के दर्शन करने की सूचना है। 1992 में जैसे कारसेवक जुटे थे वैसी ही भीड़ फिर इकट्ठा होने लगी है। तब गुस्सा था, हिंसा थी। अब दीवानगी है, आस्था है। अब तक खंडहरों जैसी जूनी-पुरानी अयोध्या की इमारतों में चहलपहल लौट आई है। जिन देहरियों पर सन्नाटा होता था, वहां बाहर से आए यात्रियों की आवाजें आने लगी हैं। होटल-लॉज फुल हैं। मठों-मंदिरों ने अपने आंगन खोल दिए हैं। अयोध्या वाले मेहमानों के लिए अतिरिक्त बिस्तर-राशन जुटाए बैठे हैं। रविवार की छुट्टी होने की वजह से बड़ी संख्या में भक्त रामनगरी पहुंचे हैं।

हालांकि, भक्तों को सुगमता पूर्वक दर्शन कराने के प्रयास लगातार जारी हैं। पुलिस, प्रशासन और ट्रस्ट इस पर मशक्कत कर रहा है। सामान रखने के लिए लॉकर की सुविधा भी बढ़ा दी गई। फिर भी अधिक भीड़ की वजह से लॉकर की सुविधा भक्तों के लिए नाकाफी साबित हो रही है। सामान जमा करने के लिए भक्तों की लंबी लाइन लग रही है। बहुत सारे भक्त प्राइवेट लॉकरों में सामान जमा करने को मजबूर हो रहे हैं। राम जन्म भूमि पथ पर लगातार भक्तों की कतार लगी हुई है।

सुबह छह से रात दस बजे तक अनवरत दर्शन

 जिला प्रशासन व श्रीराम जन्मभूमि ट्रस्ट ने तय किया है कि अब सुबह छह से रात दस बजे तक अनवरत दर्शन होंगे। डीएम नितीश कुमार ने बताया कि इस बीच आरती व भोग के लिए थोड़ी देर दर्शन रोके जाएंगे। सहयोग के लिए लगाए गए अफसर और कर्मचारी- अयोध्या के डीएम ने बताया कि मंदिर परिसर में दर्शन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था में सहयोग और निगरानी के लिए अफसरों के साथ कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ये अफसर और कर्मचारी सुबह दर्शन शुरू होने से रात में इसकी अवधि खत्म होने तक ड्यूटी करेंगे। डीएम ने अफसरों और कर्मचारियों से कहा कि मंदिर परिसर में सजाए गए गमलों और फ्लावरिंग को सुव्यवस्थित रखा जाए। भीड़ के दबाव में इन्हें नुकसान न पहुंचे। जरूरत, पड़ने पर इस काम में ट्रस्ट और एलएंडटी के कर्मचारियों का भी सहयोग लिया जाए।

रामजन्मभूमि पथ पर बनाए गए 14 नए काउंटर

प्राण प्रतिष्ठा समारोह में लगाए गए सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी 30 जनवरी तक बढ़ा दी गई है। पहले इनकी ड्यूटी 25 जनवरी तक थी। भीड़ की स्थिति को देखते हुए ड्यूटी आगे भी बढ़ाई जा सकती है। एसपी सुरक्षा पंकज पांडेय ने बताया कि राम जन्मभूमि पथ पर श्रद्धालुओं के सामान रखने के लिए 14 काउंटर नए शुरू किए गए हैं। 15 का और निर्माण कराया जा रहा है। भीड़ नियंत्रण के लिए राम जन्मभूमि पथ पर स्टील के जिगजैग बैरियर बढ़ाए गए हैं। अयोध्या जंक्शन से टेढ़ी बाजार के बीच 10 हजार, राम जन्मभूमि परिसर में दो हजार व सुग्रीव किला के पास पांच हजार क्षमता का होल्डिंग एरिया बनाया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए टेढ़ी बाजार से नया घाट तक के इलाके को दर्शनार्थियों के लिए आरक्षित रखा गया है। इस क्षेत्र में वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित है।