रायपुर (खबरगली) बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों के पास अब करीब तीन से चार महीने का समय है। सीबीएसई की बोर्ड परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी, जबकि स्टेट बोर्ड की परीक्षाएं 12 मार्च से प्रस्तावित हैं। ऐसे में सीबीएसई के विद्यार्थियों के पास करीब 85 दिन और स्टेट बोर्ड के विद्यार्थियों के पास करीब 120 दिन हैं। इन दिनों में सिर्फ पढ़ाई ही नहीं करनी है, बल्कि जनवरी में प्री-बोर्ड परीक्षा, प्रैक्टिकल और स्कूलों के वार्षिक समारोह जैसे कार्यक्रम भी होंगे। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए जरूरी है कि वे अभी से माइक्रो टाइम टेबल बनाकर तैयारी करें। करियर काउंसलर एवं 'लव यू परीक्षा' के लेखक डॉ. अजीत वरवंडकर के मुताबिक, इस बार प्री-बोर्ड परीक्षा को विद्यार्थियों को गंभीरता से लेना चाहिए।
- चैप्टर के हिसाब से तय करें पढ़ाई का समय
- विद्यार्थियों को सबसे पहले प्रत्येक विषय के चैप्टर का मूल्यांकन करना चाहिए। कौन-सा चैप्टर अच्छी तरह तैयार है और किसमें दोबारा पढ़ने की जरूरत है।
- इसके बाद हर चैप्टर को पूरा करने में लगने वाले समय का आकलन करें। जिन विषयों पर ज्यादा कॉन्फिडेंस है, उन्हें पहले पूरा कर सकते हैं। कमजोर विषयों और कठिन चैप्टर के लिए अधिक समय निर्धारित करें।
- माइक्रो टाइम टेबल बनाते समय विषयों के बीच मिलने वाले गैप का भी ध्यान रखें। जिस विषय की परीक्षा के पहले कम गैप है, उसकी तैयारी पहले से मजबूत रखें।
- पढ़ाई के साथ ही रिवीजन करने और संबंधित विषय के सवाल भी सॉल्व करें।
- मॉडल पेपर निर्धारित समय में हल करें, ताकि वास्तविक परीक्षा में सभी प्रश्न हल कर सकें।
- अंग्रेजी को आखिरी दो दिनों के लिए न छोड़ें
डॉ. अजीत के अनुसार, ज्यादातर विद्यार्थी अंग्रेजी को नजरअंदाज करते हैं। उन्हें लगता है कि परीक्षा से एक-दो दिन पहले पढ़कर इसकी तैयारी कर लेंगे। ऐसा करना ठीक नहीं है। अंग्रेजी के सिलेबस की कम से कम एक बार पूरी रीडिंग जरूर कर लेनी चाहिए।
पीसीएम की तैयारी के लिए मिलेगा गैप
इस बार स्टेट, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड की परीक्षाओं में जेईई की तैयारी को ध्यान में रखते हुए फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ्स जैसे विषयों के बीच विद्यार्थियों को अच्छा गैप दिया है। ऐसे में जिन विद्यार्थियों की इन विषयों की तैयारी अभी पूरी नहीं हुई है, उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है। परीक्षा के बीच मिलने वाले गैप का उपयोग रिवीजन और कठिन सवालों के अभ्यास में किया जा सकता है।
जेईई की तैयारी करने वाले 75% अंक का लक्ष्य रखें
जेईई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के अंकों को भी गंभीरता से लेना चाहिए। आईआईटी में प्रवेश के लिए सामान्य पात्रता शर्तों के तहत कक्षा 12वीं में न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक जरूरी होता है। इसलिए विद्यार्थियों को केवल प्रवेश परीक्षा पर फोकस नहीं करना चाहिए, बल्कि बोर्ड में भी अच्छे अंक लाने का लक्ष्य रखना चाहिए। कम से कम 75 फीसदी अंक लाने का टारगेट रखें।
10-15 दिन पहले सिर्फ रिवीजन
सीबीएसई की परीक्षा 16 फरवरी से शुरू हो रही है। ऐसे में विद्यार्थियों के पास अभी काफी समय है। ऐसे में विद्यार्थियों को विषय के अनुसार समय निर्धारित करें और बचे हुए 10-15 दिनों में सिर्फ रिवीजन करें।
- Log in to post comments
