रायपुर (खबरगली)। छत्तीसगढ़ के युवाओं और शिक्षक अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेश में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों के लिए शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने 1812 रिक्त पदों का संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों पर भर्ती लिखित परीक्षा के माध्यम से की जाएगी।
जारी जानकारी के अनुसार व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक सहित विभिन्न विषयों के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें सबसे अधिक 590 पद सहायक शिक्षक के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा वाणिज्य (कॉमर्स) और अंग्रेजी विषय के शिक्षकों के लिए भी बड़ी संख्या में रिक्तियां रखी गई हैं।
डीपीआई द्वारा जारी संक्षिप्त विज्ञापन में बताया गया है कि सितंबर माह में विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसमें पदवार संख्या, योग्यता, आयु सीमा, आवेदन प्रक्रिया और अन्य नियमों की जानकारी दी जाएगी। वहीं अक्टूबर महीने में भर्ती के लिए लिखित परीक्षा आयोजित करने की तैयारी है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में केवल शैक्षणिक अंकों के आधार पर नियुक्ति की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर दी है। अब सभी पदों पर चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा, जिससे भर्ती प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक बनेगी।
प्रदेशभर में संचालित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। ऐसे में इन विद्यालयों में नियुक्ति के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवेदन करने की संभावना जताई जा रही है। शिक्षा विभाग जल्द ही भर्ती से जुड़ी विस्तृत अधिसूचना जारी करेगा, जिसका अभ्यर्थियों को बेसब्री से इंतजार है।
- Log in to post comments
