बिलासपुर (खबरगली) शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक भीषण आग की लपटें और जहरीला धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई। अटल आवास के ब्लॉक नंबर 24 में जिस वक्त आग लगी, वहां करीब 75 से अधिक लोग मौजूद थे। ग्राउंड फ्लोर से तेजी से उठते धुएं के कारण सीढ़ियों से उतरने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया, जिससे महिलाएं और मासूम बच्चे घबरा गए। स्थिति इतनी खौफनाक हो गई कि खुद को घिरा देख कुछ लोग जान बचाने के लिए छत से ही नीचे कूद पड़े। इस दौरान नीचे कूदने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। उसे तत्काल एंबुलेंस की मदद से सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया।
साड़ी और रस्सी से बना जीवन रक्षक पुल
चीख-पुकार और मदद की आवाजें सुनकर आसपास के स्थानीय युवक तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना वक्त गंवाए बचाव कार्य में जुट गए। युवाओं ने सूझबूझ का परिचय देते हुए घरों से रस्सियां और साड़ियां जोड़कर ऊपर फंसी महिलाओं और बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा।
पुलिस और दमकल ने पाया काबू
सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस और नगर सेना (होमगार्ड) की आपदा प्रबंधन टीम दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने से पहले एहतियातन पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद कराई, ताकि कोई दूसरा बड़ा हादसा न हो। इसके बाद दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। प्राथमिक जांच में आग लगने से 5 मोटरसाइकिलें पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।
- Log in to post comments
