रायपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ में एक तरफ जहां मानसून का मिज़ाज तल्ख बना हुआ है, वहीं दूसरी ओर हादसों का दौर भी जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के 21 जिलों के लिए 'यलो अलर्ट' जारी किया है। प्रभावित जिलों में उत्तर बस्तर कांकेर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, धमतरी, महासमुंद, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है।
अलग-अलग हादसों में 2 लोगों ने गंवाई जान
बिलासपुर के सकरी में घोंघा नदी के विंध्यासर एनीकट को पार करते समय बहती चप्पल बचाने के प्रयास में 38 वर्षीय राजमिस्त्री मुकेश उर्फ हेतराम साहू गहरे पानी में बह गए। एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनका शव बरामद किया। वहीं जांजगीर के खोखरा में अपने घर के पास स्थित तालाब में नहाने गई एक बुजुर्ग महिला का संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में डूब गईं। सूचना मिलने पर पहुंची रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद महिला का शव बाहर निकाला।
- Log in to post comments