रायपुर (खबरगली) रेल यात्रियों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही। हर दिन दर्जनों ट्रेनें घंटों लेट चल रही है। इसके जवाब में रेलवे अधिकारियों के पास सिर्फ एक ही बहाना है कि विकास कार्य हो रहा है। लेकिन इसका खामियाजा हर दिन हजारों यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं बरसात व बाढ़ के कारण भी कई इलाकों से ट्रेनें स्टेशन से लेट निकल रही है।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन में ट्रेनों के समय पर न चलने की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। शुक्रवार को भी गाड़ी 17434 तिरुपति वीकली एक्सप्रेस 9 घंटे लेट रही है, दिनभर यात्री हलाकान होते रहे। यहा तक कि यह अपने निर्धारित समय से भी 4 घंटे देरी से रवाना हुई। इसका रायपुर स्टेशन आने का समय सुबह 6.20 बजे है, लेकिन यह गाड़ी दोपहर 3.30 बजे पहुंची। इसी तरह गाड़ी 12854 अमरकंटक एक्सप्रेस 5 घंटे देरी से रायपुर स्टेशन आई। यह ट्रेन भी अपने निर्धारित समय से ढाई घंटे देरी से भोपाल से रवाना हुई।
कई ट्रेनें 5 घंटे से ज्यादा लेट
जांच में सामने आया कि तिरुपति वीकली एक्सप्रेस 8 घंटे 30 मिनट की देरी से चल रही है। वहीं अमरकंटक एक्सप्रेस भी रोजाना करीब 5 घंटे लेट हो रही है। इसके अलावा दिल्ली, हावड़ा और पूरी रूट की मेल-एक्सप्रेस ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। बिलासपुर से होकर गुजरने वाली कई लंबी दूरी की ट्रेनें 3 से 6 घंटे तक देरी से पहुंच रही हैं।
यात्री परेशान रेलवे के पास नहीं जवाब
स्टेशनों पर घंटों इंतजार कर रहे यात्रियों का गुस्सा फूट रहा है। नौकरीपेशा लोग ऑफिस नहीं पहुंच पा रहे, छात्रों की परीक्षा छूट रही है और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में दिक्कत हो रही है। रायपुर स्टेशन पर एक यात्री ने कहा "टिकट का पैसा पूरा लेते हैं पर समय की कोई गारंटी नहीं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि "लगातार विकास कार्य और मौसम की वजह से ब्लॉक लिया जा रहा है, इसी कारण ट्रेनें लेट हो रही हैं। स्थिति सामान्य होते ही संचालन सुधारा जाएगा। फिलहाल यात्रियों को सलाह दी गई है कि सफर से पहले ट्रेन की लेट-लतीफी की जानकारी 139 या NTES ऐप पर जरूर चेक कर लें।
- Log in to post comments
