बिलासपुर (खबरगली) बिलासपुर मंडल में चौथी रेललाइन कनेक्टिविटी और ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सिस्टम शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए चांपा से नैला स्टेशन के बीच प्री-नॉन इंटरलॉकिंग, नॉन इंटरलॉकिंग और पोस्ट-नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जाएगा। यह काम 6 दिसंबर से 18 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसके चलते रेलवे ने कुछ ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया है। इसका सीधा असर कोरबा और विशाखापट्टनम के बीच सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
बिलासपुर में ही समाप्त होगी विशाखापट्टनम-कोरबा एक्सप्रेस
रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, ट्रेन नंबर 18518 विशाखापट्टनम-कोरबा एक्सप्रेस 6 दिसंबर से 17 दिसंबर तक बिलासपुर और कोरबा के बीच रद्द रहेगी। इस अवधि में ट्रेन बिलासपुर तक ही संचालित होगी और बिलासपुर में ही यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, वापसी में ट्रेन नंबर 18517 कोरबा-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस 7 दिसंबर से 18 दिसंबर तक कोरबा के बजाय बिलासपुर स्टेशन से रवाना होगी। यानी इस अवधि में कोरबा से बिलासपुर के बीच इस ट्रेन का परिचालन नहीं होगा।
विशाखापट्टनम-अमृतसर एक्सप्रेस भी चलेगी देरी से
रेलवे ने ट्रेन नंबर 20807 विशाखापट्टनम-अमृतसर एक्सप्रेस के समय में भी बदलाव किया है। यह ट्रेन 13, 14 और 15 दिसंबर को अपने निर्धारित समय से एक घंटे देरी से विशाखापट्टनम से रवाना होगी।
- Log in to post comments
