जगदलपुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम घाटी हत्याकांड में दोषी ठहराए गए 10 आरोपियों की सजा पर बुधवार यानी 16 सितंबर को जगदलपुर की विशेष एनआईए अदालत फैसला सुनाएगी। 5 सितंबर को विशेष न्यायाधीश अभय सिंह राजपूत की अदालत ने सभी 10 जीवित आरोपियों को दोषी करार दिया था। 25 मई 2013 को दरभा क्षेत्र की झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा के काफिले पर हुए नक्सली हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं समेत 29 लोगों की मौत हुई थी।
सुनवाई के दौरान 101 गवाहों के बयान
मामले की सुनवाई के दौरान 101 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। बता दें कि परिवर्तन यात्रा के दौरान झीरम हमले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री विद्याचरण शुक्ल, त्तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल,महेंद्र कर्मा और उदय मुदलियार जैसे कई नेताओं ने अपनी जान गंवा दी थी।
29 लोगों की हत्या का दोषी माना
अदालत ने दोषियों को 29 लोगों की हत्या और 15 लोगों की हत्या के प्रयास से जुड़े आरोपों में दोषी माना है। आज अदालत यह तय करेगी कि दोषियों को किस अवधि और किस प्रकार की सजा दी जाती है। बचाव पक्ष पहले ही फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील की बात कह चुका है।
- Log in to post comments
