मिडिल ईस्ट संकट पर पीएम मोदी की मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक: 'देश में नहीं लगेगा लॉकडाउन, टीम इंडिया की तरह लड़ेंगे जंग'

PM Modi Holds Key Meeting with Chief Ministers on Middle East Crisis: 'No Lockdown in the Country; We Will Fight This Battle Like Team India.' Strategic Focus: Deliberations on the War and Oil Crisis in West Asia; PM Modi States—'We Will Ensure Essential Supplies in Collaboration with the States.' New Delhi | Khabargali

रणनीतिक फोकस: वेस्ट एशिया में युद्ध और तेल संकट पर मंथन; पीएम मोदी बोले- 'राज्यों के साथ मिलकर सुनिश्चित करेंगे जरूरी सप्लाई'

नयी दिल्ली (खबरगली ) मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ करीब दो घंटे तक वर्चुअल बैठक की. इस बैठक में पीएम ने साफ किया कि वैश्विक तनाव के बावजूद देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा. उन्होंने 'टीम इंडिया' की भावना से काम करने की अपील करते हुए राज्यों को निर्देश दिए कि पेट्रोल-डीजल और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चेन को प्रभावित न होने दें, ताकि आम जनता पर आर्थिक बोझ न पड़े.

टीम इंडिया का मंत्र बनेगा बड़ा हथियार 

2021 में जब वैक्सीनेशन का दौर आया, तब भी पीएम मोदी ने संघीय ढांचे की मजबूती पर भरोसा जताया था. उन्होंने राज्यों पर वित्तीय बोझ कम करने के लिए 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को मुफ्त वैक्सीन देने का एलान किया था. उन्होंने साफ कहा था कि वैक्सीन पर किसी भी राज्य सरकार को एक पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं है. उस समय राज्यों ने भी राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र का साथ दिया था, जिसकी तारीफ पीएम मोदी ने खुद अपने एक लेख में भी की थी. उन्होंने इसे भागीदारी का एक नया मॉडल बताया था. आज जब मिडिल ईस्ट के युद्ध के कारण तेल की कीमतें बढ़ने और सप्लाई चेन टूटने का डर सता रहा है, तो पीएम मोदी का राज्यों को पुकारना दिखाता है कि भारत की असली ताकत उसकी एकजुटता में है. 'टीम इंडिया' का यह नया मंत्र आज की बैठक में सबसे बड़ा हथियार बनने वाला है. सरकार की कोशिश है कि मिडिल ईस्ट की आग की लपटें भारत की अर्थव्यवस्था और आम जनता की रसोई तक न पहुंचें.

आचार संहिता की वजह से 5 राज्यों के सीएम बैठक से रहे बाहर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई इस वर्चुअल बैठक में पश्चिम बंगाल, असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री शामिल नहीं हो सके. इन 5 राज्यों में चुनाव की वजह से आचार संहिता लागू है, जिसके चलते वे इस चर्चा का हिस्सा नहीं बन पाए.

सभी मुख्यमंत्रियों ने अपनी तैयारियों की जानकारी दी 

अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ हुई इस बैठक में मिडिल ईस्ट के तनाव और ईरान युद्ध के बीच ईंधन की सप्लाई, बढ़ती महंगाई और रसद व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर गंभीर चर्चा हुई. सभी मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने राज्यों की स्थिति और तैयारियों की जानकारी पीएम मोदी को दी ताकि वैश्विक संकट का असर आम जनता पर न पड़े.

बैठक में यह भी शामिल रहे 

इस हाई-लेवल मीटिंग में गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ देश के कई बड़े राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हुए. बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मोहन यादव, उत्तराखंड के पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के विष्णु देव साय मौजूद रहे. इनके अलावा दक्षिण भारत से चंद्रबाबू नायडू और रेवंत रेड्डी, जबकि पंजाब से भगवंत मान और जम्मू-कश्मीर से उमर अब्दुल्ला ने भी अपनी बात रखी. वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, गुजरात के भूपेंद्र पटेल और महाराष्ट्र के देवेंद्र फडणवीस ने भी चर्चा में हिस्सा लेकर अपने-अपने राज्यों की तैयारियों का ब्योरा दिया.