रायपुर (खबरगली) अवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-12 फेस-2 में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की 119.89 करोड़ रुपए की आवासीय परियोजना का भूमिपूजन किया। चौधरी ने नवा रायपुर को देश की अग्रणी ग्रीनफील्ड सिटी के रूप में विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, यह परियोजना अवासीय सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके अंतर्गत एचआईजी एवं एमआईजी श्रेणी के कुल 348 भवनों का निर्माण किया जाएगा।
आवासों की बढ़ती मांग को देखते हुए इसी सेक्टर में आगामी चरण में 704 नए फ्लैट का निर्माण भी शीघ्र किया जाएगा। मंत्री ने बताया कि लगभग 700 करोड़ रुपए का ऋण चुकाकर मंडल कर्जमुक्त हुआ है। अब मंडल बिना मांग के कोई नई अवासीय परियोजना शुरू नहीं करेगा। 60 प्रतिशत बुकिंग या तीन माह में 30 प्रतिशत बुकिंग के बाद ही टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी, जिससे मांग आधारित परियोजनाओं को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में शिक्षा, स्वास्थ्य और तकनीकी क्षेत्रों में तेजी से विस्तार हो रहा है, जिसमें एनआईएफटी, आईआईएम और सत्य साईं अस्पताल जैसे प्रतिष्ठित संस्थान शामिल हैं। कार्यक्रम के दौरान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, सचिव अंकित आनंद और आयुक्त अवनीशशरण उपस्थित थे।
- Log in to post comments
