रायपुर (खबरगली ) पुलिस वाहन चालकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नयापारा स्थित मल्टीस्पेशियलिटी मिश्रा हॉस्पिटल में निःशुल्क नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का उद्घाटन पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य को सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए पुलिस वाहन चालकों से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
‘सेहत सबसे बड़ी पूंजी’, पुलिस कमिश्नर ने कही स्वास्थ्य जांच की जरूरत
शिविर के उद्घाटन अवसर पर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ल ने कहा कि सेहत सबसे बड़ी पूंजी है और इसे बचाना सबसे बड़ा काम है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सेवाभावी चिकित्सकों के साथ व्यक्ति की स्वयं की रुचि और जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने पुलिस वाहन चालकों के लिए इस तरह के स्वास्थ्य शिविर को उपयोगी पहल बताया।
पुलिस कमिश्नरेट के वाहन चालकों की हो रही निःशुल्क जांच
मिश्रा हॉस्पिटल में आयोजित इस निःशुल्क नेत्र एवं दंत परीक्षण शिविर में रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले वाहन चालकों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
जांच के साथ परामर्श और उपचार की सुविधा
शिविर में वाहन चालकों को नेत्र एवं दंत परीक्षण के साथ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आदेश जारी कर सभी संबंधित वाहन चालकों को शिविर का लाभ उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉक्टर कर रहे जांच और उपचार
शिविर में विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसमें छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ एवं सर्जन डॉ. दिनेश मिश्र, रेटिना सर्जन डॉ. प्रांजल मिश्र, डेंटल एवं रूट कैनाल विशेषज्ञ डॉ. अबीर मिश्र तथा ट्रांसप्लांट एवं मसूरी रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि मिश्र शामिल हैं।
अन्य विशेषज्ञों ने भी शिविर में दी सेवाएं
शिविर के दौरान चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सृष्टि मिश्र, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसून मिश्र और नाक-कान-गला विशेषज्ञ डॉ. सुरभि मिश्र भी उपस्थित रहे। विशेषज्ञों ने भविष्य में भी विभिन्न विभागों और जरूरतमंद समूहों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की इच्छा व्यक्त की।
‘पुलिस कर्मियों की स्वास्थ्य सेवा से मिलता है संतोष’
इस अवसर पर डॉ. दिनेश मिश्र ने कहा कि पुलिस विभाग के साथ मिलकर काम करना उनके लिए सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से पूर्व में भी पुलिस विभाग के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में काम किया जाता रहा है। डॉ. मिश्र ने कहा कि पुलिस कर्मी समाज की सेवा करते हैं, इसलिए उनकी स्वास्थ्य सेवा करने में उन्हें हर्ष और संतोष का अनुभव होता है। उन्होंने भविष्य में अन्य विभागों के लिए भी स्वास्थ्य सेवा के अलग-अलग आयामों पर काम करने की बात कही।
पुलिस वाहन चालकों के स्वास्थ्य के लिए अहम पहल
पुलिस वाहन चालक लगातार ड्यूटी, लंबी अवधि तक वाहन चलाने और अलग-अलग परिस्थितियों में काम करने की जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में आंखों और दांतों समेत नियमित स्वास्थ्य जांच उनके लिए महत्वपूर्ण है। मिश्रा हॉस्पिटल में आयोजित यह निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर पुलिस वाहन चालकों को जांच, चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
- Log in to post comments
