रायपुर (खबरगली) महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को रायपुर की स्पेशल PMLA कोर्ट ने 10 दिसंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। शनिवार को ED की कस्टडी रिमांड पूरी होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया। एजेंसी ने आगे पूछताछ के लिए रिमांड नहीं मांगी, जबकि 14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की थी।
हिमांशु पर आरोप है कि उसने महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर से केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ रुपए लिए थे। हालांकि, हिमांशु ने इन आरोपों को गलत बताया है। उसका कहना है कि उसने सौरभ से कोई रकम नहीं ली और ED के पास कथित लेन-देन का कोई ठोस सबूत नहीं है।
बचाव पक्ष ने कहा- लेन-देन का कोई ठोस सबूत नहीं
हिमांशु के वकील फैजल रिजवी ने कोर्ट में दलील दी कि 15 करोड़ रुपए लेने के आरोपों के समर्थन में कोई बैंक ट्रांजेक्शन या अन्य ठोस प्रमाण पेश नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि हिमांशु किसी बार काउंसिल में वकील के रूप में पंजीकृत नहीं है, बल्कि एक लॉ फर्म में काम करता है।
जान का खतरा बताया, जेल में सुरक्षा की मांग
कोर्ट में पेशी के दौरान हिमांशु ने अपनी जान को खतरा बताया और जेल में सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवेदन दिया। इस पर कोर्ट ने जेलर को जेल के नियमों के अनुसार उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में सेंट्रल जेल भेज दिया गया।
केस रफा-दफा कराने के नाम पर 15 करोड़ लेने का आरोप
ED की जांच के मुताबिक, हिमांशु ने सौरभ चंद्राकर को भरोसा दिलाया था कि वह जजों और अधिकारियों को मैनेज कर उसका केस रफा-दफा करवा सकता है। एजेंसी दुबई में दोनों के बीच हुई मुलाकातों और कथित वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। सौरभ से पूछताछ के दौरान हिमांशु का नाम सामने आने के बाद ED ने उसे गिरफ्तार किया था।
- Log in to post comments
