बीजापुर (खबरगली) छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। बीजापुर जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल से करोड़ों रुपये का माओवादी डम्प बरामद किया गया है। सुरक्षा बलों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए एक स्टील के डिब्बे से 3 किलो 840 ग्राम सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित बाजार कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपये बताई गई है। सोने और नकदी को मिलाकर बरामद संपत्ति की कुल कीमत करीब 4 करोड़ 53 लाख 22 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
बस्तर में माओवादी हिंसा के लंबे दौर के बाद अब सुरक्षा बलों का अभियान माओवादियों के आर्थिक नेटवर्क और जंगलों में छिपाकर रखे गए डम्प की तलाश पर केंद्रित है। इसी क्रम में बीजापुर पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में इंद्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल में माओवादियों द्वारा जमीन के अंदर एक डम्प छिपाकर रखा गया है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बीजापुर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में तलाशी अभियान की योजना बनाई गई।
- Log in to post comments
