राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: राहुल गांधी, खरगे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, कहा- आपकी चुप्पी स्वीकार्य नहीं

Ram Temple offering theft case: Rahul Gandhi, Kharge write to PM Modi, saying, "Your silence is unacceptable. Khabargali

नई दिल्ली (खबरगली ) अयोध्या के राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर सियासत थमने का नाम नहीं ले रही है. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा. कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में पीएम मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए है. राहुल और खड़गे ने पीएम मोदी से इस मामले में स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी की है.

18 जुलाई 2026 को लिखे गए इस पत्र में राहुल और खड़गे ने राम मंदिर के चंदे में 'हजारों करोड़ रुपये की चोरी' का आरोप लगाया है. विपक्ष ने प्रधानमंत्री से इस पूरे मामले की तुरंत एक स्वतंत्र और गहरी जांच कराने की मांग की है. पीएम मोदी को लिखे पत्र में कांग्रेस नेताओं ने कहा, 'आप राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हजारों करोड़ रुपये की चोरी से वाकिफ हैं. जिन लाखों श्रद्धालुओं ने अपनी गाढ़ी कमाई, श्रद्धा, भक्ति और विश्वास के साथ दान की थी, वो इस चोरी से खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं.' राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने पीएम मोदी को याद दिलाया कि उन्होंने खुद सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों पर संसद में इस ट्रस्ट के गठन की घोषणा की थी. पत्र में आरोप लगाया गया है कि ट्रस्ट के सदस्यों की नियुक्ति पूरी तरह से केंद्र सरकार ने की थी.

ट्रस्ट के सदस्यों पर किए गंभीर सवाल

राहुल-खड़गे ने पत्र में कहा, 'ये सार्वजनिक रूप से सभी को पता है कि ट्रस्ट के सदस्य RSS, VHP और उनसे जुड़े संगठनों से जुड़े हैं. इसके कलंकित पूर्व महासचिव भी आपके करीबी सहयोगी रहे हैं. इतने बड़े अपराध के सामने आपकी मौजूदा चुप्पी बर्दाश्त से बाहर है. जवाबदेही और नुकसान की भरपाई तय करना आपका फर्ज है.' विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री से मांग की है कि वो ट्रस्ट के वित्तीय मामलों की एक स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के तुरंत आदेश दें. इस जांच में नकद, सोना और चांदी सहित सभी चरह के चढ़ावे और दान के प्रबंधन को शामिल किया जाना चाहिए.

'जांच की रिपोर्ट को सार्वजनिक करने की मांग '

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने ये भी मांग की है कि राम मंदिर चंदा चोरी मामले की जांच की रिपोर्ट और ट्रस्ट के खातों को पूरी तरह सार्वजनिक किया जाना चाहिए. इससे हर श्रद्धालु को ये पता चल सके कि उनका दिया गया दान कैसे इस्तेमाल किया गया है. कांग्रेस नेताओं ने कहा, 'इस मामले में जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए, चाहे उसका पद या प्रभाव कुछ भी हो. आपकी सरकार और इस ट्रस्ट की विश्वसनीयता इस बात पर निर्भर करती है कि आप कितनी पारदर्शिता और तेजी से कार्रवाई करते हैं. देश की जनता इस सब पर नजर रखे हुए है.'