रायपुर (खबरगली) रायपुर के आसपास तेजी से बढ़ते शहरीकरण को देखते हुए 20 गांवों को नगर निगम की सीमा में शामिल करने की योजना है। नगर निगम ने बहुत पहले इसके प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज भी चुका है, लेकिन फाइल शासन स्तर पर लंबित है। 20 गांवों को नगर निगम सीमा में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार होने के बाद शासन को भेजा गया था। हालांकि, करीब पांच साल बीत चुका है। अब चूंकि जनगणना के कार्य शुरू हो चुके हैं, इसलिए अब इस पर निर्णय जनगणना के बाद ही होंगे। क्योंकि शासन ने नगर निगम की सीमा फ्रीज कर दी है।
कुछ वर्षों में आबादी और निर्माण में हुई बढ़ोत्तरी
बता दें कि रायपुर के आसपास के ग्रामीण इलाकों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान आबादी और निर्माण गतिविधियों में तेजी से इजाफा हुआ है। कई गांवों में अब खेती-किसानी की जमीन की जगह आवासीय कॉलोनियां, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और बहुमंजिला इमारतें नजर आने लगी हैं। इन क्षेत्रों में बसाहट का स्वरूप काफी हद तक शहरी हो चुका है। सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग भी लगातार बढ़ रही है।
गांवों में शहरी सुविधाओं की जरूरत
इन गांवों को नगर निगम में शामिल करने के पीछे प्रमुख वजह तेजी से बढ़ता शहरीकरण और बेहतर नागरिक सुविधाओं की जरूरत है। ग्रामीण प्रशासनिक व्यवस्था के तहत बढ़ती आबादी को शहरी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना चुनौती बनता जा रहा है। नगर निगम में शामिल होने के बाद इन क्षेत्रों में सुनियोजित विकास, सफाई व्यवस्था, सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और पेयजल जैसी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुल सकता है।
शहर बढ़ रहा प्रशासनिक सीमा पीछे
राजधानी के आसपास शहरीकरण की रफ्तार और नगर निगम की मौजूदा सीमा के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है। कई ऐसे इलाके हैं, जहां आबादी और निर्माण का विस्तार शहर जैसा हो चुका है, लेकिन प्रशासनिक व्यवस्था अब भी ग्रामीण है।
इन गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव
काठाडीह, कांदुल, दतरेंगा, सेजबहार, बोरियाकला, धरमपुरा, टेमरी, छेड़ीखेड़ी, तुलसी बाराडेरा, पिरदा, सकरी, भनपुरी, बरौंदा, गुमा, हथबंद, तेंदुआ, परसुलीडीह, सेमरिया, डोमा और मुजगहन शामिल हैं।
- Log in to post comments
