रायपुर में 5 लोगों की सामूहिक मौत मामला, दो संदिग्ध हिरासत में, जाँच में जुटी पुलिस

Case of the mass death of five people in Raipur: two suspects detained, police investigating. raipur chhattisgarh hindi news khabargali

रायपुर (खबरगली) रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में बीते 17 जुलाई को एक ही  परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को अहम सुराग मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि बैटरी मैकेनिक सैयद शाहिद उर्फ सज्जू ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को जहर देकर उनकी हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

जांच में सामने आया है कि गुरुवार देर रात सैयद शाहिद ने कथित तौर पर अपनी पत्नी राबिया, बेटियों शाहिदा बेगम और इरशाबा परवीन तथा बेटे इरशाद अली को जहर दिया। इसके बाद देर रात उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में रात करीब 9 बजे सैयद शाहिद घर से निकलकर वॉशरूम की ओर जाते हुए दिखाई दिया है। वहीं पुलिस के अनुसार वह शुक्रवार सुबह तक कुछ फुटेज में जीवित नजर आया। दूसरी ओर उसका बेटा भी रात करीब 1 बजे तक मोबाइल पर सक्रिय था। इन तथ्यों के आधार पर पुलिस घटना की टाइमलाइन तैयार कर रही है।

SIT अब केवल आर्थिक तंगी के पहलू तक सीमित नहीं है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस सूदखोरी, सट्टेबाजी और संदिग्ध लेन-देन के एंगल पर भी पड़ताल कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्ध सूदखोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इनमें एक टिकरापारा और दूसरा गोलबाजार क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है।

Category