रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर फायरिंग, 10 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर सेंट्रल जेल के बाहर फायरिंग, 10 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार Firing outside Raipur Central Jail, two accused arrested within 10 hours  cg news hindi news cg big news latest news khabargali

रायपुर (khabargali) शहर के बदमाशों में अब गैंगवार शुरू हो गया है। सोमवार को फिल्मी स्टाइल में एक गैंग के बदमाशों ने दूसरे गैंग के बदमाश को जेल के गेट में ही गोली मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग के बाद आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने 10 घंटे के भीतर ही दो आरोपियों को पकड़ लिया है। बाकी की तलाश में टीमें लगी हैं। घायल युवक भी कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था। वह जेल में बंद अपने भाई से मिलने गया था। कुछ दिन पहले आरोपियों के साथी को जेल में ब्लेड मारा गया था। उसी का बदला लेने गोली मारी गई थी। 

पुलिस के मुताबिक दोपहर करीब 12.30 बजे संतोषी नगर निवासी शेख साहिल(22) जेल में बंद अपने भाई शाहिद से मिलने सेंट्रल जेल गया था। मिलकर वह जेल से बाहर निकल रहा था कि उसी समय दोपहिया पर सवार तीन बदमाशों में से एक ने कट्टे से साहिल पर फायरिंग कर दी। गोली उसके गले में जा फंसी। गोली के साथ कई छर्रे भी निकले, जो उसके चेहरे में लगे। 

फायरिंग के बाद तीनों अपनी दोपहिया छोड़कर पैदल भाग निकले। उनके अन्य साथी दोपहिया में थे, जो दूसरी दिशा में भाग निकले। फायरिंग से जेल परिसर में अफरातफरी मच गई। जेल सुरक्षा अधिकारी सहित पुलिस के अफसर भी मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने गले में फंसी गोली निकाल दिया है। उसकी हालत सामान्य है। गंज पुलिस ने गोली मारने वाले मौदहापारा के शानू उर्फ शहनवाज, शाहरूख, हीरा छुरा सहित अन्य बदमाशों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।

ऐसे पकड़े गए दो शूटर

घटना के बाद पुलिस ने शहर से निकलने वाले सभी प्रमुख मार्गों में नाकेबंदी कर दी गई। आरोपियों को पकड़ने 10 टीमें लगाई गई थी। शानू और शाहरुख को देर शाम दुर्ग की ओर भागते समय नंदनवन के पास पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे थाने लाया गया। हीरा छुरा और अन्य आरोपियों की तलाश में क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीम लगी हैं।  

यह है वजह

घायल शेख साहिल टिकरापारा थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ 7 से ज्यादा अपराध दर्ज हैं। टिकरापारा टीआई मनोज साहू ने इसकी पुष्टि की है। उसका भाई शाहिद नशे का कफ सिरप बेचने के मामले में जेल में बंद है। शेख साहिल भी जेल में ही था। जेल में मौदहापारा का अपराधी साहिल भी जेल में है। करीब सप्ताह भर पहले मौदहापारा के अपराधी साहिल पर ब्लैड से हमला किया गया था। इसके पीछे शाहिद और उसके भाई शेख साहिल का हाथ था। शेख साहिल जमानत पर छूट गया। ब्लेड से हमला करने का बदला लेने के लिए मौदहापारा के साहिल ने अपने गैंग के शानू उर्फ शहनवाज, शाहरूख और हीरा के जरिए हमला कराया। 

क्राइम ब्रांच एएसपी संदीप मित्तल ने कहा युवक पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस शहर के सभी प्रमुख इलाके में नाकेबंदी की गई थी। दो आरोपियों को पकड़ लिया गया है। बाकी आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। उन्हें पकड़ने के लिए टीमें लगी हुई हैं।
 

Category