रायगढ़ (खबरगली) छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में वरिष्ठ पत्रकार शेख आलम (40) का निधन हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल शेख आलम को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रायगढ़ रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके निधन की खबर सामने आते ही धरमजयगढ़ क्षेत्र के पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर फैल गई।
सिसरिंगा-तेजपुर मार्ग के पास घायल मिले पत्रकार
जानकारी के अनुसार, मंगलवार 15 सितंबर की शाम करीब 6 बजे शेख आलम धरमजयगढ़ से लगभग 30 किलोमीटर दूर सिसरिंगा-तेजपुर मार्ग के पास घायल अवस्था में मिले थे। सड़क पर घायल हालत में पड़े शेख आलम को देखकर स्थानीय लोगों ने मदद की और उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ रेफर कर दिया।
रायगढ़ में इलाज के दौरान तोड़ा दम
धरमजयगढ़ से रायगढ़ ले जाने के बाद शेख आलम का उपचार शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि सिर में गंभीर चोट के कारण उनकी हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई थी। अस्पताल में उपचार के दौरान मंगलवार रात करीब 10 बजे उनकी मौत हो गई। शेख आलम के निधन की खबर जैसे ही धरमजयगढ़ पहुंची, पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय पत्रकारों और परिचितों ने उनके निधन पर दुख जताया।
लंबे समय से पत्रकारिता से जुड़े थे शेख आलम
शेख आलम लंबे समय से धरमजयगढ़ क्षेत्र में पत्रकारिता से जुड़े हुए थे। उन्होंने विभिन्न प्रमुख मीडिया संस्थानों के लिए काम किया था। वर्तमान में वे एक निजी न्यूज चैनल में संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं, जनहित के मुद्दों और घटनाओं को प्रमुखता से उठाने के लिए वे जाने जाते थे। उनके निधन से स्थानीय पत्रकारिता जगत में एक सक्रिय पत्रकार के असमय चले जाने से शोक का माहौल है।
- Log in to post comments
