“युवाओं के मंच से उठा विकसित भारत का संकल्प"
रायपुर (खबरगली )सेंट विंसेंट पैलोटी कॉलेज रायपुर के वार्षिकोत्सव समारोह में “प्राचीन भारत से विकसित भारत 2047” की थीम पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की गौरवशाली विरासत से लेकर भविष्य के विकसित राष्ट्र की परिकल्पना को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, गायन एवं विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करता यह आयोजन विकसित भारत के सपने की दिशा में युवाओं को प्रेरित करने वाला है। उन्होंने कॉलेज परिवार और प्राचार्य को इस प्रेरणादायक आयोजन के लिए बधाई दी।
रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इस तरह के थीम आधारित कार्यक्रम बच्चों में सकारात्मक सोच, ऊर्जा और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करते हैं। तकनीकी युग में युवा प्रतिभाशाली हैं और ऐसे मंच उन्हें अपनी क्षमताएं पहचानने का अवसर देते हैं।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. कुलदीप दुबे ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की प्राचीन सभ्यता, संस्कृति और मूल्यों से जोड़ते हुए विकसित भारत 2047 की यात्रा को समझाना है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना आज की युवा पीढ़ी का सपना है, जिसे साकार करने की जिम्मेदारी विद्यार्थियों पर है। शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के संतुलन को आवश्यक बताते हुए उन्होंने कहा कि आज शिक्षा का अर्थ केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने युवाओं को सही दिशा में AI और आधुनिक तकनीकों के उपयोग की सलाह देते हुए कहा कि तकनीक का सकारात्मक प्रयोग भविष्य निर्माण में सहायक सिद्ध होगा। साथ ही विद्यार्थियों से अपने कौशल और प्रतिभा को पहचानकर उसी के अनुरूप करियर चुनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कॉलेज परिवार ने अतिथियों का सम्मान किया। कार्यक्रम में कॉलेज के पूर्व छात्र सुबोध हरितवाल की भी विशेष उपस्थिति रही, विशिष्ठ अतिथि के रूप में रेव्ह. फादर शांति प्रकाश पन्ना (पूर्व प्रोविंशियल रेक्टर, रायपुर प्रोविंस) की गरिमामयी उपस्थिति रही। कॉलेज के डायरेक्टर फा .अमित तिर्की ने अपने स्वागत भाषण में अतिथिओं का स्वागत किया तथा छात्रों की सराहना करते हुए उनका प्रोत्साहन किया। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्या डॉक्टर जी पदम गौरी ने किया संपूर्ण कार्यक्रम की प्रभारी श्रीमती रमोला विकास दान थी .कार्यक्रम में विभिन्न कॉलेज एवं स्कूल के प्राचार्य सभी विभागों के विभाग अध्यक्ष शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुए।वार्षिकोत्सव समारोह ने न केवल सांस्कृतिक विविधता का सुंदर प्रदर्शन किया, बल्कि युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा भी दी।
- Log in to post comments