टेट की अनिवार्यता खत्म करने की मांग तेज, 25 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में निकलेगी रैली

Demand to scrap the mandatory TET requirement intensifies; rallies to be held at all district headquarters on August 25 raipur khabargali

रायपुर(खबरगली) छत्तीसगढ़ में सेवारत शिक्षक संवर्ग की विभिन्न मांगों को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। मोर्चा के प्रदेश संचालक केदार जैन, वीरेंद्र दुबे और संजय शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने 18 अगस्त 2026 को शिक्षामंत्री की अनुपस्थिति में उनके ओएसडी अंकित चौहान और बृजेश बाजपेयी, शिक्षा सचिव कमलप्रीत सिंह तथा संचालक डीपीई ऋतुराज रघुवंशी से मुलाकात कर पांच सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।  प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों के साथ सभी मांगों को लेकर लंबी और सार्थक चर्चा की। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि शिक्षकों की मांगों का जल्द निराकरण नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

टेट की अनिवार्यता समाप्त करने की प्रमुख मांग

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने सेवारत शिक्षक संवर्ग के लिए TET की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को प्रमुखता से उठाया है। मोर्चा का कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस मामले का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए। मोर्चा ने राज्य सरकार से केंद्र सरकार के समक्ष अध्यादेश लाने के लिए पहल करने की मांग भी की है। इसके साथ ही वर्तमान परिस्थितियों में सुप्रीम कोर्ट द्वारा टेट योग्यता प्राप्त करने के लिए निर्धारित समय-सीमा के मद्देनजर बिना TET के वरिष्ठता के आधार पर शिक्षक संवर्ग की पदोन्नति जल्द करने की मांग रखी गई है।

वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति की मांग

शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने कहा कि वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों की पदोन्नति केवल TET की अनिवार्यता के कारण प्रभावित नहीं होनी चाहिए। मोर्चा ने सेवा अवधि और वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की है। इसके अलावा शिक्षक एलबी संवर्ग के लिए पंचायत और नगरीय निकाय में प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा की गणना करने तथा पुरानी पेंशन सहित शिक्षा विभाग के सभी लाभ प्रदान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

वेतन विसंगति दूर करने और राजपत्र निरस्त करने की मांग

मोर्चा ने शिक्षक संवर्ग की वेतन विसंगति को दूर करने के लिए केंद्रीय वेतनमान की संरचना के अनुरूप वेतनमान लागू करने की मांग की है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग के 13 फरवरी 2026 के विसंगतियुक्त राजपत्र को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी गई।

25 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों में ‘टेट मुक्ति’ रैली

शिक्षक संघर्ष मोर्चा के प्रदेश संचालक वीरेंद्र दुबे, केदार जैन और संजय शर्मा ने आंदोलन की आगामी रणनीति का ऐलान किया है। इसके तहत 25 अगस्त 2026 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में ‘टेट मुक्ति’ रैली आयोजित की जाएगी। मोर्चा ने प्रदेश के सभी शिक्षक संवर्ग से इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। नेताओं ने कहा कि शिक्षकों के हक और अधिकार से जुड़ी मांगों के पूरा होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

Category