ट्रक और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर, ट्रेलर के केबिन में फंसे चालक की जिंदा जलकर मौत

 A truck and a trailer collided, leaving the driver trapped in the trailer cabin burned to death.balrampur hindi news latest news khabargali

बलरामपुर (खबरगली) बलरामपुर जिले के रामानुजगंज-वाड्रफनगर मार्ग पर आज सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। ट्रक और ट्रेलर के बीच हुए टक्कर में ट्रेलर चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत बचाव कार्य शुरू किया। दमकल की मदद से ट्रेलर में लगी आग पर काबू पाया गया।

जानकारी के मुताबिक ये हादसा बलरामपुर के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम महुली के पास घटित हुआ। बताया जा रहा है कि सुबह के वक्त ट्रक राइस मिल से चावल लोड कर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। ट्रक को विजयनगर निवासी संतोष गुप्ता चला रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रेलर से ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि कोरबा के दीपका क्षेत्र से ट्रेलर में क्लिंकर लोड कर रवाना हुआ था।

दोनों वाहनों में टक्कर के तुरंत बाद ट्रेलर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रेलर का चालक अरबाज केबिन के अंदर ही फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते पूरा ट्रेलर आग की चपेट में आ गया और चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक का शीशा तोड़कर चालक संतोष गुप्ता को बाहर निकाला। वह भी ट्रक के केबिन में फंसा हुआ था।

गंभीर रूप से घायल चालक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में तेज गति को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Category